अयोध्या। नगर क्षेत्र में बिजली मीटरों का जखीरा बरामद होने के बाद अब कार्रवाई शुरू हो गई है। बिजली विभाग की टीम ने 11 लोगों के घर व प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर उनका मीटर सील कर दिया है। साथ ही दो प्रतिष्ठानों पर मीटर टेंपरिंग के मामले में एफआईआर भी दर्ज कराई है। विभाग ने सभी को नोटिस भेजकर मंगलवार को लैब में बुलाया है। न पहुंचने वाले को पुन: नोटिस देकर कार्रवाई की जाएगी।
नाका और साहबगंज में भारी संख्या में मीटर मिलने के बाद बिजली विभाग के कान खड़े हो गए थे। मीटर रीडिंग से छेड़छाड़ की जानकारी मिलने के बाद मीटर की बरामदगी करते हुए तीन लोगों को जेल भेजवा दिया था। साथ ही बिजली विभाग के चार कर्मियों को सस्पेंड करते हुए एक जेई को सर्किल में अटैच किया गया था। बिजली विभाग की टीम ने रविवार और सोमवार को कुल 11 लोगों के मीटर सील किए। इसके बाद वहां वीडियोग्राफी के बीच नए कैमरे लगाए गए। फेस टू के एसडीओ इंजीनियर एसपी सिंह ने बताया कि सोमवार को पांच घरों के मीटर सील किए गए हैं, जिनमें कुसुम तिवारी साकेतपुरी, निवेदिता श्रीवास्तव अश्वनीपुरम, सविता शुक्ला, दुर्गापुरी, देवकाली स्थित गोकुल रेस्टोरेंट के पीछे स्थित इलाके की सरोज सिंह व धनीराम का पुरवा की कविता शुक्ला शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इससे पहले रविवार को छविलाल चिर्रा, घनश्याम जायसवाल नाका, नाका स्थित राज रतन रेस्टोरेंट के मालिक विशाल सिंह, नाका मॉडल शॉप के आलोक सिंह, ऊषा ट्रेडिंग कंपनी के घनश्याम जायसवाल और साकेत ट्रेडिंग कंपनी का मीटर सील किया गया है। इनके यहां नए मीटर लगाए गए हैं। एसडीओ एसपी सिंह ने बताया कि मीटर टेंपरिंग के मामले में राज रतन रेस्टोरेंट के मालिक विशाल सिंह, नाका मॉडल शॉप के आलोक सिंह के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।
तो दर्ज होगी एफआईआर
भारी संख्या में मीटर मिलने के बाद वहां के पंजीकरण के आधार पर छापा मारा गया था, जिसमें कुछ लोगों के घर व प्रतिष्ठानों के मीटर सील किए गए हैं। उन्हें नोटिस देकर लैब भी बुलाया गया है। अगर वह नहीं आते हैं तो दोबारा नोटिस देने के बाद एफआईआर की कार्रवाई भी की जाएगी।
हरीश बंसल, चीफ इंजीनियर, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम