अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मंदिर निर्माण समिति की बैठक रविवार को नईदिल्ली में होगी। बैठक में शामिल होने के लिए अयोध्या से ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय व ट्रस्टी डॉ.अनिल मिश्र दिल्ली रवाना हो चुके हैं। बैठक में समिति अध्यक्ष एवं वरिष्ठ आईएएस नृपेंद्र मिश्र व एलएंडटी के तकनीकी अधिकारी भी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि बैठक में मंदिर की भव्यता सहित भूमि पूजन की रणनीति तय हो सकती है।
लॉकडाउन समाप्त होने के बाद अब अयोध्या में मंदिर निर्माण कार्य को भी गति प्रदान करने की कवायद शुरू हो चुकी है। लॉकडाउन के चलते राममंदिर निर्माण का काम प्रभावित रहा। 30 अप्रैल को राममंदिर के लिए भूमि पूजन की तिथि तय की गई थी लेकिन कोरोना के चलते ट्रस्ट के सदस्यों व संत-धर्माचार्यों की सहमति से फिलहाल भूमि पूजन का कार्य स्थगित कर दिया गया।
राममंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि मंदिर निर्माण समिति की बैठक समिति अध्यक्ष एवं वरिष्ठ आईएएस नृपेंद्र मिश्र व एलएंडटी के तकनीकी अधिकारियों की मौजूदगी में की जाएगी। बैठक में राममंदिर की दिव्यता-भव्यता के साथ भूमि पूजन को लेकर भी चर्चा की जाएगी। साथ ही राममंदिर निर्माण के कार्य को किस तरह गति प्रदान किया जाए इस पर भी निर्णय होगा।
माना जा रहा है कि बैठक में राममंदिर निर्माण को लेकर कई अहम फैसले हो सकते हैं। इसी सप्ताह एलएंडटी के करीब 50 मजदूर भी अयोध्या पहुंच सकते हैं। उनके पहुंचने के बाद श्रीरामजन्मभूमि न्यास कार्यशाला में रखे हुए पत्थरों को परिसर में पहुंचाने का काम किया जाएगा। रामजन्मभूमि परिसर में ही कार्यशाला खोलकर अब शेष पत्थरों की तराशी का काम भी किए जाने की तैयारी शुरू हो चुकी है।