अयोध्या। राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में शासन की ओर से आधुनिक सीआर्म मशीन भेजी गई है। इसकी वजह से अब यहां ओपन ऑपरेशन के अलावा तमाम बड़े ऑपरेशन भी हो सकेंगे।
मशीन को आर्थो ओटी में स्थापित करा दिया गया है। इससे क्षेत्रवासियों को खासा लाभ मिलने की उम्मीद है। राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज दर्शननगर में हड्डी रोग विभाग में यूं तो ऑपरेशन काफी पहले से ही किए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक सीआर्म मशीन न होने से सामान्य ऑपरेशन ही हो सकते थे।
किसी भी अंग के विशेष स्थान की सर्जरी के लिए पूरी हड्डी खोलना आवश्यक होता था, जिसकी वजह से कूल्हे, फीमर, टीबिया, इंटर लॉकिंग, टीबिया फीमर, डीएचएस, बच्चों का एल्बो आदि ऑपरेशन नहीं हो पाते थे।
मेडिकल कॉलेज में इसकी महत्ता को देखते हुए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था, जहां से स्वीकृति मिलने के बाद हाल ही में सीआर्म मशीन आवंटित करते हुए भेजी गई है, जिसे आर्थो ओटी में स्थापित कराया गया है।
मेडिकल कॉलेज के हड्डी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार आर्या ने बताया कि अब इस मशीन की वजह से हड्डी का हर प्रकार का ऑपरेशन संभव होगा। पूरी प्रक्रिया स्क्रीन पर देखी जा सकती है।