अयोध्या। दर्शननगर स्थित राजर्षि दशरथ मेडिकल काॅलेज में विश्व रोगी सुरक्षा दिवस से एक दिन पहले चौंकाने वाला मामला सामने आया। यहां हार्मोनल मशीन के गड़बड़ होने के बाद थायराइड जांच ठप हो गई, लेकिन जांच के लिए रजिस्ट्रेशन होते रहे। जब मरीजों को रिपोर्ट देने की बारी आई तो हाथ खड़े कर दिए गए।मरीजों को बताया गया कि मशीन में कुछ गड़बड़ी आ गई है इसलिए आप लोगों को फिर से ब्लड सैम्पल देने पड़ेंगे। ये सुनकरमरीज व तीमारदारों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
मेडिकल कालेज की बायोकेमिस्ट्री लैब में लगी हार्मोनल जांच की मशीन में दो दिन पहले कोई गड़बड़ी आ गई थी। बताया जा रहा है की मशीन में जब टेस्ट लगाया जाता था तो वह ठीक रिपोर्ट नहीं बता रही थी। शनिवार को भी दिन भर जांच नहीं हो सकी।
रजिस्ट्रेशन कराने और ब्लड टेस्ट देने के बाद जब नेहा, दुलारी और अंजनी समेत अन्य लोग रिपोर्ट लेने पहुंचे तो उन्हें पता चला कि मशीन में गड़बड़ी आ गई है अब फिर से ब्लड सैम्पल देना पड़ेगा।
जिला अस्पताल में भी ठप है थायराइड जांच
जिला अस्पताल की आरडीसी में भी इन दिनों थायराइड की जांच ठप चल रही है। लैब में काम कर रहे कर्मियों की मानें तो इंजीनियर को इसकी सूचना दी गई है, लेकिन अभी मशीन की गड़बड़ी ठीक नहीं हो सकी है।
वर्जन
हार्मोन जांच मशीन का कैलिब्रेशन गड़बड़ हुआ था, जिसे लखनऊ से मंगाकर देर शाम चालू करा दिया गया।
डॉ. मनीष वर्मा, नोडल अधिकारी