अशफाक उल्लाह खां के शहादत दिवस पर 19 दिसंबर को मंडल कारागार में सम्मानों और पुरस्कारों की झड़ी लगेगी। अशफाक उल्लाह खां मेमोरियल शहीद शोध संस्थान के बैनर तले आयोजित शहीद-ए-वतन अशफाक उल्लाह खां कार्यक्रम में तीन हस्तियों को माटी रतन सम्मान से विभूषित किया जाएगा।
इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया जाएगा। तीन मेधावी छात्रों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। यह जानकारी संस्थान के प्रबंधक सूर्यकांत पांडेय ने मंगलवार को एक होटल के सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि मंडल कारागार में होने वाले समारोह की शुरूआत सर्वधर्म प्रार्थना सभा से होगी। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मुख्य निर्वाचन आयुक्त सेवानिवृत्त आईएएस गंगादीन यादव मौजूद रहेंगे।
शहीद-ए-वतन अशफाक उल्लाह खां की स्मृति में हिंदी के क्षेत्र में इलाहाबाद के डा. दूधनाथ सिंह, उर्दू के क्षेत्र में लखनऊ के डा. वजाहत हुसैन रिजवी और समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए हरिद्वार के आशीष गौतम को माटी रतन सम्मान से विभूषित किया जाएगा।
इसके पश्चात तीन मेधावियों को डा. शैलेष पांडेय मेधावी छात्र पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। समारोह में गीता देवी निबंध प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय व तृतीय विजेता को क्रमश: पांच, तीन व दो हजार रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा।
शांति सिंह, बहृमबक्श सिंह व गोपाल स्मृति छात्रवृत्ति रमेश, रवि, पवन, नौशाद और आशीष को प्रदान की जाएगी। यह सभी मूक बधिर यतीमखाना व गुरुकुल के छात्र है। अयोध्या के कनीगंज स्थित अंधविद्यालय के 10 छात्रों को एक-एक हजार रुपये की सहायता और कंबल वितरित किया जाएगा।