सराफा कारोबार पर एक्साइज ड्यूटी लगाने के खिलाफ व्यापारियों का ‘भारत बंद’ फैजाबाद में व्यापक असर रहा। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में बाजारों में दुकानों के शटर नहीं खुले।
उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के महाबंद में सराफा कारोबारियों के साथ ही अन्य व्यापारियों ने पूरा समर्थन दिया।
व्यापारियों की टोलियां चोरी-छिपे आधा शटर उठाकर दुकानदारी करते मिले व्यापारियों की दुकानें बंद कराती रहीं। इस दौरान केंद्र व प्रदेश सरकार का पुतला बनाकर कानों में तेल डाला गया और चौक, रिकाबगंज व रोडवेज बस स्टैंड के पास पुतला फूंका गया।
एक्साइज ड्यूटी के विरोध में शहर के सराफा व्यापारी 16 दिन से दुकान बंद कर चौक में प्रदर्शन कर रहे हैं।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल और उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष सुशील जायसवाल के आह्वान पर अन्य व्यापारी भी सराफा कारोबारियों के समर्थन में गुरुवार को ‘भारत बंद’ की सफलता के लिए सड़कों पर उतर पड़े।
हालांकि गुरुवार को बंदी का दिन था, इसके बावजूद व्यापारियों के जत्थे जहां-तहां खुली चाय, होटल और पान की दुकानों को बंद कराते रहे।
बाजार बंद होने के कारण गुरुवार को सड़कें सूनी दिखीं और लोग चाय-पान तक को तरस गए। उ.प्र. युवा उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष सुशील जायसवाल साथियों संग नगर में दुकानें बंद कराते रहे।
सराफा कारोबारी हाथों में ‘सूखाग्रस्त घोषित फैजाबाद में लक्ष्य पूर्ति के नाम पर धन उगाही बंद करो, ज्वैलरी-नॉन ज्वैलरी पर बढ़ी एक्साइज ड्यूटी वापस लो’ जैसे स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे।
बाद में चौक, रिकाबगंज व बस अड्डे के पास केंद्र सरकार के पुतले जलाए गए। सराफा मंडल साकेत और उ.प्र. युवा उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले एकजुट व्यापारियों ने नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला।