रौनाही थाने के ड्योढ़ी-सोहावल मार्ग पर शनिवार देर शाम बहन के घर मुंडन संस्कार कार्यक्रम से लौट रहे बाइक सवार युवक को किसी वाहन ने रौंद दिया। ग्रामीणों की मदद से पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया। देर रात उसकी मौत हो गई।
रविवार सुबह युवक का शव उसके पैतृक गांव भरथीपुर लाया गया तो पूरे गांव में कोहराम मच गया और कुछ ही पलों में सन्नाटा पसर गया। शनिवार देर शाम श्रीनाथ निषाद (25) पुत्र विक्रमा निषाद निवासी भरथीपुर के मजरे मोइया गांव, थाना पूरा कलंदर अपनी बहन के घर बैदरापुर गांव में मुंडन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाइक से घर लौट रहा था।
ड्योढ़ी-सोहावल मार्ग पर सामने से आ रहे वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसके बाद श्रीनाथ को रौंदते हुए वाहन आगे निकल गया। युवक की चींख पुकान सुन दौड़े ग्रामीणाें ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल श्रीनाथ को जिला अस्पताल पहुंचाया।
जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। परिवारीजनों ने बताया कि देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सुबह शव जब उसके गांव लाया गया तो कोहराम मच गया। एसओ रौनाही केके गुप्ता ने बताया कि परिवारीजनों की तहरीर पर वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।