एसटीएफ की ओर से सूबे की राजधानी के पेट्रोल पंप पर चिप व रिमोट के जरिये चोरी के मामले के खुलासे तथा गिरफ्तारी के बाद जिले में चल रही छापेमारी के क्रम में गुरुवार को अफसरों की संयुक्त टीम ने दो पेट्रोल पंपों पर छापेमारी की।
घंटों चली जांच में श्रंगारहाट स्थित साकेत आटो स्टेशन पेट्रोल पंप के तीन नॉजेल पर घटतौली के साथ अन्य अनियमितता पाई गई। टीम ने पंप के संबंधित तीन नॉजेल को सील कर दिया है।
गुरुवार को एसडीएम गिरजेश चौधरी के नेतृत्व में जिला आपूर्ति अधिकारी, बांट-माप विभाग, तेल कंपनी के अधिकारी व पंप मशीन के इंजीनियर आदि की संयुक्त टीम ने साकेत महाविद्यालय के पास स्थित हरजस पेट्रोल पंप के सभी चार मशीनों के नॉजेल के साथ अन्य जांच की।
लगभग दो घंटे से अधिक चली जांच में टीम को पंप पर कोई अनियमितता नहीं मिली। यहां से टीम श्रंगारहाट स्थित साकेत आटो स्टेशन पेट्रोल पंप पर पहुंची। जिला आपूर्ति अधिकारी दीपक वार्ष्णेय ने बताया कि टीम के जांच के दौरान एक नंबर मशीन का पाइप फटा मिला, जिसे कपड़ा बांध कर रोका गया था।
तीन व चार नंबर में घटतौली की गड़बड़ी मिली, जिसमें तीन नंबर में 30 मिली. कम और चार नंबर नाजिल में 40 मिली. तेल कम पाया गया। टीम ने पंप के तीनों नॉजेल को सील कर दिया गया।
पंप पर फायर इंस्ट्रूमेंट में भी अनियमितता मिली पंप संचालक से कागज मांगा गया लेकिन टीम को वह नहीं दिखा पाए, जिस पर टीम से पंप संचालक को चेतावनी देते हुए अग्रिम कार्रवाई कराई जा रही है।
संयुक्त टीम में सहायक पूर्ति अधिकारी सुनील कुमार मिश्र, सीनियर इंस्पेक्टर बांट माप नरेश चंद्रा, इंडियन आयल सेल्स अफसर वीपी सिंह आदि शामिल रहे।