सरयू तट स्थित लक्ष्मण किला मंदिर के परिसर में होने वाली फिल्मी रामलीला को लेकर तैयारियां तेज हो गई है। 25 सितंबर से 5 अक्तूबर तक होने वाले रामलीला मंचन में बॉलीवुड के करीब 30 नामी कलाकार भूमिका निभा रहे हैं।
भगवान श्रीराम की ससुराल नेपाल देेश के जनकपुर में उनकी ड्रेस बनाई जा रही है। माता सीता के आभूषण मुंबई में तैयार हो रहे हैं। अयोध्या की रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सुभाष मलिक ने बताया कि माता सीता जो आभूषण पहनेंगी वह सोना, चांदी व पन्ना से तैयार हो रहे हैं।
रामलीला में शामिल होने वाले सभी कलाकारों ने मुंबई में रिहर्सल शुरू कर दी है। 25 सितंबर को रामलीला मंचन शुरू होने से पहले कलाकार अयोध्या में फिर रिहर्सल करेंगे।
बताया कि यह पहला अवसर होगा जब रामलीला में दर्शकों को भी आने की अनुमति होगी। रामलीला का दूरदर्शन पर हर रोज शाम सात से रात दस बजे तक लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।