गुस्साए ग्रामीणों को समझाते विवि के रजिस्ट्रार।
- फोटो : अमर उजाला
मवेशी को बचाने में नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के एक दैनिक वेतन भोगी कर्मी की शनिवार सुबह विवि के फार्म हाउस में करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रख प्रदर्शन शुरू कर दिया।
तकरीबन डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंचे रजिस्ट्रार ने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नरेंद्र देव विवि के दैनिक वेतन भोगी कर्मी उमरहर निवासी रामलाल (45) पुत्र जयलाल शनिवार सुबह करीब नौ बजे विवि के फार्म हाउस में मवेशी चरा रहा था। अचानक उसकी एक भैंस पोल से लटक रहे विद्युत तार से उतर रहे करंट की चपेट में आ गई और गिर पड़ी।
जिसे देखकर रामलाल उसे बचाने के लिए दौड़ा और खुद भी करंट की चपेट में आ गया। मवेशी के साथ रामलाल की भी घटनास्थल पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा और उन्होंने वहीं सड़क पर शव रखकर विवि के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली का तार कई दिनों से लटक रहा है। इसकी सूचना फार्म हाउस इंचार्ज मनोज सिंह को दी गई थी लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण मांग कर रहे थे कि पीड़ित परिवार के एक सदस्य को विवि प्रशासन नौकरी के साथ मौत पर मुआवजा दे।
बता दें कि विवि की विद्युत व्यवस्था उसकी स्वयं की है। करीब डेढ़ घंटे बाद प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे विवि के रजिस्ट्रार पीके सिंह ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने बुझाने का प्रयास किया और अंत में पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाए जाने का भरोसा दिया।
जिसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ। इस दौरान एसडीएम मिल्कीपुर गजेंद्र चौधरी, तहसीलदार अशोक वर्मा, नायब तहसीलदार एसएन सिंह मौजूद रहे।