लोकसभा चुनाव में नामांकन प्रक्रिया के लिए नामांकन स्थल सीसीटीवी और मेटल डिटेक्टर से लैस कर दिया गया है। नामांकनपत्र आज (बुधवार) से दाखिल किए जाएंगे। शांति व सुरक्षा के लिए नामांकन स्थल के इर्द-गिर्द मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है।
फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र के लिए बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी से अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन के लिए कलक्ट्रेट को बैरीकेड कर दिया गया है। नामांकन स्थल तक जाने के लिए के लिए सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के सामने मेटल डिटेक्टर लगा दिया गया।
नामांकन स्थल पर सीसीटीवी लगा दिए गए हैं। नामांकन दाखिल करने की व्यवस्था डीएम न्यायालय कक्ष में की गई है। आरओ के साथ एआरओ और कर्मचारियों की पूरी टीम लगाई गई है। नामांकन स्थल तक जाने के लिए कलक्ट्रेट गेट से केवल पांच लोग एक साथ प्रवेश कर सकेंगे।
निर्दल प्रत्याशियों के 10 प्रस्तावक दो शिफ्टों मे जा सकेंगे। जुलूस नामांकन स्थल से लगभग दो सौ मीटर दूर एसएसपी आवास के पास रोक दिया जाएगा। प्रत्याशियों के लिए केवल तीन गाड़ियां ही आ सकेंगी। प्रत्याशियों को नामांकन पत्र दिए जाने की व्यवस्था कर दी गई है। नामांकन दाखिल करने वाले स्वयं अपने बकाए का भुगतान करवाकर रसीद प्राप्त कर रहे हैं।
नामांकन के दौरान शांति व सुरक्षा के मद्देनजर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। कलक्ट्रेट परिसर का नोडल अफसर एडीएम प्रशासन को बनाया गया है। एक मजिस्ट्रेट को कलक्ट्रेट गेट पर और दो मजिस्ट्रेटों को कलक्ट्रेट परिसर के अंदर और बाहर भीड़ के मद्देनजर दो मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
कलक्ट्रेट में सुरक्षा की जिम्मेदारी सीओ स्तर के अफसर को सौंपी गई है। कलक्ट्रेट के बाहर भी पुलिस के अफसर के साथ बड़ी संख्या सुरक्षा बलों की तैनाती की रणनीति है। नामांकन जुलूस के साथ भी सुरक्षा के मद्देनजर पुलिसकर्मी रहेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी पीडी गुप्त ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया की तैयारी पूरी कर ली गई है। शांति व सुरक्षा के लिए मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस अफसरों की तैनाती कर दी गई है। नामांकन को लेकर सीसीटीवी, मेटल डिटेक्टर के साथ वीडियोग्राफी की व्यवस्था कर दी गई है। नामांकन के लिए पांच लोग ही एक साथ प्रवेश कर सकेंगे।
नामांकन के लिए कलक्ट्रेट का केवल एक गेट प्रयोग हो रहा है। गेट से सीधे नामांकन स्थल पर पहुंचा जा सकेगा। इसके दायरे में केवल दो अफसरों के न्यायालय कक्ष पडे़ंगे। कचहरी, कलक्ट्रेट कार्यालयों में काम काज के लिए आने जाने वालों के लिए दो अन्य रास्ते कलक्ट्रेट का उत्तर की ओर मुख्य द्वार और कचहरी की गेट भी हैं। नामांकन के दौरान काम बाधित नहीं होगा।
निर्वाचन कार्यक्रम एक नजर में...
नामांकन पत्र दाखिल करने की तिथि 10 से 18 अप्रैल
नामांकन पत्रों की जांच 20 अप्रैल
नामांकन पत्रों की वापसी की अंतिम तिथि 22 अप्रैल
मतदान 6 मई
मतों की गिनती 23 मई