अयोध्या। अयोध्या कैंट क्षेत्र में हिंसक जानवर की मौजूदगी का एक वीडियो सामने आया है। इसमें थाना क्षेत्र कैंट के मीरनघाट चौकी के पास एक दीवार पर तेंदुआ चलता हुआ नजर आया है। यह वीडियो थाना कैंट क्षेत्र के एक सिपाही ने गुरुवार रात गश्त के दौरान बनाया था। वहीं, वन विभाग ने इस वीडियो के आधार पर तेंदुए की तलाश तेज कर दी है। विभाग द्वारा तीन जगह पिंजरे लगाए गए हैं। वहीं, अधिकारियों के मुताबिक अभी किसी भी हिंसक जानवर के पगचिह्न नहीं मिल रहे हैं।
छावनी क्षेत्र अयोध्या में महात्मा गांधी मार्ग मीरनघाट के समीप सोमवार को किसी जंगली जानवर के देखे जाने की सूचना मिली थी। मौके पर उसके पगचिह्न भी मिले थे। इसके बाद छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी यशपाल सिंह ने चेतावनी जारी की थी। इसमें वार्ड नंबर एक से पांच और सात तक रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।
वहीं छह दिन से तेंदुए की तलाश में वन विभाग की टीम खाक छान रही है लेकिन उसे तेंदुए की मौजूदगी के निशान नहीं मिले रहे थे। शनिवार को सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में थाना क्षेत्र कैंट की मीरनघाट चौकी के पास स्थित छावनी परिषद की एक बाउंड्रीवॉल पर तेंदुए को चलते देखा गया। वीडियो में उक्त जगह भी पूरी तरह से स्पष्ट है। सूत्रों के अनुसार इस वीडियो को थाना कैंट के एक सिपाही ने गुरुवार रात गश्त के दौरान बनाया था। इस वीडियो के वायरल होने के बाद वन विभाग व डोगरा रेजिमेंटल सेंटर ने छावनी परिषद एरिया में सतर्कता बढ़ा दी है।
उप प्रभागीय वनाधिकारी केएन सुधीर ने बताया कि वन विभाग की एक थार वाहन के साथ दर्जन भर बाइक सवार वनकर्मी दिन-रात पेट्रोलिंग कर रहे हैं। शनिवार को तेंदुए की मौजूदगी की सूचना के बाद वन विभाग द्वारा मीरनघाट क्षेत्र में भी पिंजरा लगाया गया है। बताया कि जंगल में जानवरों की गतिविधि पर नजर रखने के लिए प्रयोग किए जाने वाले कैमरों को कतर्निया घाट वन क्षेत्र से मंगाया गया है। शनिवार को दस कैमरे आए हैं, इनको भी संभावित जगहों पर लगवाया जा रहा है।