अयोध्या। पूरा बाजार में सांड के हमले से एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि, बीकापुर क्षेत्र में सांड के हमले में एक किसान गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।
पूरा बाजार निवासी रामलौट यादव (50) रविवार को मजदूरी के लिए गए थे। पुत्र इंदर ने बताया कि वो अयोध्या से मजदूरी कर साइकिल से घर पूरा बाजार लौट रहे थे, इस दौरान सरायरासी गांव के पास सड़क के किनारे खड़े सांड ने दौड़ाकर उन पर हमला कर दिया।
गांव के लोगों ने उन्हें सीएससी पूरा में भर्ती कराया। जहां से उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। वहां से चिकित्सकों ने लखनऊ मेडिकल कॉलेज के लिए भेज दिया था, जहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह लगभग 6 बजे उनकी मौत हो गई।
वहीं, बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के वाहीउद्दीनपुर मजरे धानापारा निवासी किसान बाबूराम (45) रविवार शाम करीब छह बजे खेत में चरी काटने गए। तभी एक सांड ने उन पर हमला बोल दिया। बाबूराम ने जब सांड को भगाने की कोशिश की लेकिन, सांड ने उन्हें जख्मी कर दिया। बामुश्किल, लोगों ने सांड वहां से भगाया। घायल बाबू राम को परिवारजनों द्वारा उपचार के लिए सीएचसी बीकापुर लाया गया। हालत गंभीर होने की वजह से चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।