रामनगरी अयोध्या समेत पूरे जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर उत्साह चरम पर है। शनिवार को भादों की अंधेरी रात, रोहिणी नक्षत्र, तिथि अष्टमी को फुलझड़ियों की लड़ी और पटाखे के साथ कान्हा का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।
वहीं, मंदिरों की छटा ऐसी सजाई जा रही है, जैसे आकाश से देवता नमन के लिए प्रकट हो रहे हों। इस बीच बधाइयां बजने व गाने वाले संतों की टोलियां जन्मोत्सव में रास रंग भरेंगी।
जगह-जगह कान्हा की अलौकिक झांकियों का प्रकाश झिलमिलाने के लिए फुलझड़ियों से सजावट की तैयारी भी की गई है। गगनभेदी जयकारे और मंदिरों के चौबारे से सोहर की गूंज उठेगी।
रामनगरी के कनक भवन, हनुमानगढ़ी, छपिया मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर, बिड़ला मंदिर, वासुदेव घाट स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर समेत अन्य मंदिरों को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जा रहा है।
मंदिरों में श्रीकृष्ण भजनों की धूम शुरू हो गई है। स्थानीय कलाकारों को भजन और नृत्य की अनुपम छटा बिखेरने की कमान सौंपी गई है। तुलसी जनसेवा समिति के संयोजन में रानी बाजार चौराहे पर आकर्षक झांकी जाएगी।
इस अवसर पर रात्रि जागरण होगा। रायगंज तिराहे पर नर्वदेश्वर महादेव, रायगंज पुलिस चौकी के सामने गोड़ियाना, टेढ़ीबाजार, नयाघाट आदि स्थलों पर आकर्षक झांकियां व भजन-कीर्तन के कार्यक्रम होंगे।
फैजाबाद शहर के नाका हनुमानगढ़ी के खाटू श्याम दरबार में परंपरागत ढंग से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारी की गई है। खाटू श्याम दरबार को सुगंधित पुष्पों से शनिवार को सजाया जाएगा। शाम को भजन संध्या के कार्यक्रम होंगे। पुलिस लाइन को इस बार खास तौर से सजाया जा रहा है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बाजार में खरीदारी के लिए रौनक बढ़ने लगी है। शहर से देहात तक मंदिरों और शिवालयों को सजाने संवारने का काम शुरू हो गया है। मंदिरों की साफ-सफाई के साथ ही अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने चौकसी शुरू कर दी है। रणनीति बनाकर पुलिस कर्मियों व अधिकारियों को ड्यूटी का आवंटन किया गया है।
साथ ही थानों व पुलिस लाइंस में जन्माष्टमी इस बार सादगी से मनाने के निर्देश डीजीपी स्तर से जारी किए गए हैं। कहीं पर भी नाच-गाने व अश्लील आयोजनों की सख्त मनाही है।
इस बार एक ही दिन शनिवार को पड़ने वाले जन्माष्टमी पर्व को लेकर पुलिस महकमे की कसरत शुरू हो गई है। शहर से गांव तक सुरक्षा तथा सतर्कता के लिए रणनीति पर मंथन हुआ और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचा गया।
खुफिया महकमे के साथ असामाजिक तत्वों की हरकतों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में महिला व पुरुष कर्मियों की तैनाती की गई है। महकमे ने गांव से शहर तक जन्माष्टमी पर सजने वाली झांकी का ब्यौरा एकत्र किया है। राजपत्रित अधिकारियों को लगातार भ्रमणशील रह कर हालात पर नजर बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर असामाजिक तत्व कोई हरकत न करने पाएं, इसके लिए निगरानी कराई जा रही है। जन्माष्टमी की झांकियों के आसपास समेत चौक-चौराहों तथा संवेदनशील स्थलों पर पुलिस की पिकेट तथा कर्मियों की तैनाती की गई है।
संबंधित क्षेत्र के थाना व कोतवाली प्रभारी समेत चौकी प्रभारियों को लगातार भ्रमणशील रहने तथा महिलाओं के प्रति अपराध यथा छेड़छाड़ के मामलों में कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। -आरएस गौतम, एसपी सिटी