अयोध्या। जिले भर में अभियान चलाकर गुरुवार को कीटनाशक दुकानों पर छापा मारा गया। अनियमितताएं मिलने पर दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए गए। संदिग्ध मिलने पर 12 नमूने जांच के लिए भेजे गए।
जिला कृषि अधिकारी बीके सिंह ने रुदौली व सोहावल, उप निदेशक कृषि रक्षा डॉ. सौरभ वर्मा ने सदर, भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. सुभाषचंद्र वर्मा ने बीकापुर व अपर जिला कृषि रक्षा अधिकारी उपेंद्रनाथ ने मिल्कीपुर तहसील में छापा मारा। जिला कृषि अधिकारी बीके सिंह ने बताया कि टीमों ने दुकानों पर कीटनाशक की बिक्री से संबंधित कैश मैमो, दुकान का बोर्ड, रेट-बोर्ड, स्टॉक की स्थिति आदि का सत्यापन किया।
टीम ने 42 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और 12 संदिग्ध कृषि रक्षा रसायन के नमूने भरे। जांच के दौरान बिना किसी सूचना के प्रतिष्ठान बंद कर गायब होने पर वर्मा बीज भंडार, शुजागंज व रूदौली में जांच के समय अभिलेख उपलब्ध न कराने के कारण लाइसेंस निलंबित कर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।