अयोध्या। जिले के गोसाईगंज कस्बे के एक स्कूल में पढ़ने जा रही छात्रा को बदमाशों ने सरेआम जबरन बोलेरो में बैठा लिया। उधर, इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए बोलेरो समेत एक बदमाश को दबोच लिया। उसके कब्जे से छात्रा को सकुशल छुड़ा लिया गया है।
जिले के थाना गोसाईंगंज के एसएचओ श्रीनिवास पांडेय के मुताबिक सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे कस्बे के एक गांव की छात्रा (15) अपने घर से साइकिल से स्कूल के लिए निकली थी।
वह जैसे ही रामबली स्कूल के गेट के पास पहुंची, तभी पहले से ही घात लगाए बदमाशों ने उसे जबरन बोलेरो में बैठा लिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक अपहरणकर्ता लड़की को लेकर अयोध्या की तरफ भाग निकले।
इसी बीच किसी ने मामले की जानकारी पीआरवी के साथ स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बोलेरो को बस स्टॉप के पास घेर लिया।
पुलिस टीम ने बोलेरो से लड़की को छुड़ाने के साथ ही एक अपहरणकर्ता बदमाश को गिरफ्तार किया और कोतवाली ले आई। गिरफ्तार युवक की पहचान मुकेश वर्मा नाम से हुई है। वह गोसाईंगंज थाना इलाके के हरदी गांव का रहने वाला है।