अयोध्या। किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) की टीम ने बुधवार को दर्शननगर स्थित राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में मौजूद संसाधनों व मिल रहीं सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही चिह्नित कमियों को दूर करने का निर्देश दिया।
केजीएमयू के वाइस डीन प्रोफेसर विमला वेंकटेश के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम बुधवार दोपहर अचानक राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज पहुंची। यहां पर ओपीडी, पर्चा काउंटर, औषधि वितरण काउंटर, एक्सरे, पैथोलॉजी, डायलिसिस यूनिट, डिजिटल एक्सरे आदि का निरीक्षण करने के उपरांत टीम वार्ड पहुंची।
यहां पर भर्ती मरीजों से अस्पताल में मिल रही सेवाओं की जानकारी की। वहीं, ब्लड बैंक की अब तक स्थापना न होने पर टीम ने सवाल किया तो बताया कि उपकरणों की खरीद हो रही है।
लाइसेंस जारी करने के लिए होने वाले निरीक्षण के लिए पत्र प्रेषित किया गया है। शीघ्र ही टीम के आने की संभावना है। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज में स्वीकृत दो अल्ट्रासाउंड मशीन के स्थान पर एक ही स्थापित होने पर भी टीम ने सवाल किया। इस पर बताया गया कि प्रक्रिया चल रही है, शीघ्र ही दूसरे मशीन की स्थापना कर दी जाएगी।
इस दौरान परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। टीम में रजिस्ट्रार केजीएमयू, परीक्षा नियंत्रक, प्रोफेसर अनूप वर्मा, डॉ सुधीर सिंह आदि शामिल रहे। निरीक्षण के समय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ विजय कुमार, डॉ सत्यजीत वर्मा, डॉ एमके पांडेय आदि मौजूद रहे।