उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का लोक निर्माण विभाग सड़कों का महाजाल बिछाने के साथ सामाजिक कार्यों में भी पूरी तरह सक्रिय है। कोरोना महामारी से निपटने के लिए हर जिले में पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने के लिए हर्बल मार्ग बनाए हैं। यह हर्बल मार्ग या पार्क लोक निर्माण विभाग की खाली पड़ी भूमि पर बनाए गए हैं। इसके साथ ही चार जुलाई को हुए वृहद पौधरोपण अभियान में विभाग ने 10 लाख पौधे भी रोपित किए हैं।
उन्होंने पूर्ववत सरकारों पर निशाना साधते हुए कि पहले सड़कों के लिए बजट रिलीज होता था, लेकिन सड़कें सिर्फ कागजों पर बनती थीं। मेरे शासन काल में कोशिश है कि सड़कों का निर्माण कागजों पर न होकर हकीकत में हो। इसका परिणाम अब सामने आने लगा है। उन्होंने जिला पंचायत चुनाव में हुई जीत पर बोलते हुए कहा कि प्रदेश में गुंडागर्दी की वापसी न हो इसलिए जो सभी लोगों ने हमारा साथ दिया है। इसका परिणाम यह रहा है कि पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की है। इसी प्रकार के परिणाम की आशा ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में भी है।
इस दौरान महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, राज्यमंत्री सुरेश पासी, विधायक इंद्र प्रातप तिवारी खब्बू, रामचंद्र यादव, मंतेश्वरशरण सिंह, बैजनाथ रावत, सतीश शर्मा, अनीता, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं को जोश से लबरेज कर दिया। उन्होंने कहा कि मेरा हर कार्यकर्ता उप मुख्यमंत्री के समान है। उनको जो अधिकारी सम्मान देगा वही मेरा भी सम्मान होगा। कार्यकर्ता की पार्टी की मुख्य पूंजी है। कार्यकर्ताओं के बदौलत ही आज सांसद और विधायक हैं। कार्यकर्ताओं के मेहनत के कारण ही केंद्र में बहुमत की सरकार आई और तक जाकर अनुच्छेद 370 व 35ए को हटाया जा सका।
कार्यकर्ताओं के कारण ही 500 साल पुराना विवाद राममंदिर का विवाद खत्म हुआ और हम सब आज राममंदिर बनते देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ववत कांग्रेस सरकार चाहती ही नहीं कि राममंदिर का विवाद खत्म हो, बल्कि इसकी मुकदमे की तारीखों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाता रहा। अब वही लोग मंदिरों व संगम में डुबकी लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा सपना तब पूरा होगा जब हम राममंदिर में कलश स्थापित होते हुए देख लेंगे। इसलिए कार्यकर्ताओं का सम्मान हर दिशा में होना चाहिए।
अयोध्या से रामवेश्वरम तक वनगमन मार्ग के नाम से बनेगी सड़क
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अयोध्या में राममंदिर के साथ अयोध्या से रामेश्वरम तक को सड़क मार्ग से जोड़ा जाएगा। यह मार्ग अलौकिक, मन को शांति व सुख देने वाला होगा। मार्ग पर भगवान राम की पूरी लीला को रेखांकित किया जाएगा। इसके लिए सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की ओर से अनुमति प्रदान कर दी गई है। प्रदेश का लोक निर्माण विभाग अयोध्या से चित्रकूट तक सड़क का निर्माण करेगा, इसके आगे का कार्य दूसरे प्रदेशों के लोग करेंगे। मार्ग पर रामायणकालीन वृक्ष रोपित किए जाएंगे। सब कुछ ऐसा होगा कि हर मार्ग पर आने जाने वाले लोगों को सुख व आनंद मिलेगा।
25 वर्षों तक केंद्र व प्रदेश में रहे सरकार तो स्थापित होगा रामराज्य
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में तभी रामराज्य स्थापित होगा जब केंद्र व प्रदेश में लगातार 25 वर्ष भाजपा की सरकार रहे। उन्होंने कहा कि अभी बहुत कार्य करने हैं। अभी भी आस्था से खिलवाड़ करने वालों की आवाजें बुलंद होती हैं, लेकिन इनके सपने मुंगरी लाल के सपने जैसे हैं। वर्ष 2022 में प्रदेश व 2024 में केंद्र में सरकार बनना तय है। अब देश के हालत ऐसे हो चुके है कि मंदिरों में जाना व दर्शन पूजन करना लोगों की मजबूरी है।
यह समाज में आए बदलाव का परिचायक है। एक समय ऐसा भी था कि लोग मंदिरों व नदियों पर स्नान करने से कतराते थे, लेकिन अब सभी लोग जाते हैं। इसका कारण जनता व कार्यकर्ताओं की एकता है। इसको बरकरार रखना होगा और आगे आने वाले चुनाव में लोगों को पूरी समझदारी का परिचय देना होगा।