अयोध्या। मिशन कायाकल्प के तहत तीन सदस्यीय टीम ने शनिवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण कर मिल रही सुविधाओं व आवश्यक संसाधनों का आकलन किया। इस दौरान अस्पताल का नजारा बदला-बदला सा रहा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कायाकल्प की टीम में शामिल अरुणेश तिवारी, डॉ. नीरज कुमार गुप्ता व डॉ. श्रुति रडेरा शनिवार सुबह जिला अस्पताल पहुंचीं। अस्पताल में मौजूद व्यवस्थाओं, फाइलों के रखरखाव व संसाधनों आदि का आकलन किया। इसके बाद ओपीडी व इमरजेंसी ओपीडी में पहुंचकर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को भी देखा। सफाईकर्मी से प्रशिक्षण आदि की जानकारी ली।
इसके बाद ओटी व वार्डों आदि में जाकर भी बारीकी से मानकों के अनुरूप मिल रहीं सुविधाओं व व्यवस्थाओं का आकलन किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में हलचल मची रही। अस्पताल के सीएमएस डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि कायाकल्प टीम के आकलन में उत्तीर्ण होने के बाद पुरस्कार स्वरूप कुछ धनराशि मिलेगी जिसका उपयोग संसाधनों को बेहतर बनाने में किया जाएगा। इस मौके पर अस्पताल प्रबंधक राजेंद्र तिवारी, शिशिर श्रीवास्तव, अर्पिता गोस्वामी व अन्य मौजूद रहे।