अयोध्या। रामनगरी तक पहुंच आसान करने के लिए कई योजनाओं पर काम होने जा रहा है। तीर्थस्थलों से श्रद्धालु व पर्यटक अयोध्या आसानी से पहुंच सकें इसलिए उन जगहों को अयोध्या से जोड़ने की कवायद शुरू हो गई है। उक्त जानकारी सांसद लल्लू सिंह ने रविवार को पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि फोरलेन के जरिए काशी व प्रयागराज को अयोध्या से जोड़ा जाएगा।
सांसद ने कहा कि अयोध्या से काशी व मां विंध्यवासिनी को फोरलेन से जोड़ने के लिए अयोध्या-अकबरपुर-जौनपुर फोरलेन परियोजना का डीपीआर बन रहा है। इसी तरह अयोध्या से प्रयागराज को जोड़ने के लिए अयोध्या से प्रतापगढ़ तक फोरलेन परियोजना का डीपीआर बनाने की प्रक्रिया चल रही है। अयोध्या से जगदीशपुर फोरलेन का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
बताया कि अयोध्या की सांस्कृतिक परिधि 84 कोसी परिक्रमा पथ के निर्माण कार्य का डीपीआर बनाया गया है। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सांसद ने बताया कि अयोध्या रिंग रोड के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में हैं।
अप्रैल या मई से इसका काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने हाल ही में पेश किए गए प्रदेश सरकार के बजट को सर्वस्पर्शी, सर्व समावेशी व देश के सर्वांगीण कल्याण के प्रति समर्पित बताया। इस दौरान जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र, महानगर मंत्री आकाश मणि, दिवाकर सिंह मौजूद रहे।
रामघाट हाल्ट से दर्शननगर तक बिछेगी नई रेल लाइन
सांसद लल्लू सिंह ने बताया कि रामघाट हाल्ट से दर्शननगर तक नई रेल लाइन बिछाने की तैयारी हो रहा है। इसके अलावा बिल्वहरिघाट में कोल साइडिंग का निर्माण व सलारपुर में माल गोदाम का निर्माण कार्य चल रहा है। कहा कि बाराबंकी-अयोध्या-अबकरपुर रेलवे लाइन के दोहरीकरण का काम इसी साल पूरा हो जाएगा। अयोध्या कैंट स्टेशन के विकास का डीपीआर भी तैयार हो चुका है।