अयोध्या। माध्यमिक विद्यालयीय खेलों के अंतर्गत 25 सितंबर से होने वाली राज्यस्तरीय बालक-बालिका कराटे प्रतियोगिता की तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग में 72 पदकों के लिए प्रदेश के खिलाड़ी आपस में भिड़ेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार आर्य के संरक्षण में प्रतियोगिता डॉ. भीमराव अंबेडकर राज्य विद्यालय क्रीड़ा संस्थान मकबरा स्टेडियम के मैदान होगी। उद्घाटन 25 सितंबर को दोपहर 3.30 बजे महापौर गिरीश पति त्रिपाठी व संयुक्त विकास आयुक्त अरविंद चंद्र जैन करेंगे। जिला स्कूली क्रीड़ा समिति के सचिव धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 18 मंडल की टीमों से लगभग एक हजार खिलाड़ी भाग लेंगे। उनकी आवासीय व्यवस्था शहर के एसएसवी इंटर काॅलेज, राजकरण इंटर काॅलेज, आदर्श इंटर काॅलेज, फार्ब्स इंटर काॅलेज, मनोहर लाल इंटर काॅलेज, आर्य कन्या इंटर काॅलेज, मेथोडिस्ट गर्ल्स इंटर काॅलेज, राजकीय बालिका इंटर काॅलेज, बापू बालिका इंटर काॅलेज तथा साहबदीन सीताराम इंटर काॅलेज में की गई है।
बालिकाओं की आवासीय व्यवस्था बालिकाओं के विद्यालयों में तथा बालकों की आवासीय व्यवस्था बालकों के विद्यालयों में है। चार दिवसीय प्रतियोगिता का समापन 28 सितंबर को होगा। बताया कि इसी प्रादेशिक प्रतियोगिता से उत्तर प्रदेश की टीम का चयन किया जाएगा, जो राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।