केंद्रीय विद्यालय संगठन की संभाग स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के दोनों वर्गों में लखनऊ की टीमों का दबदबा रहा। केंद्रीय विद्यालय लखनऊ कैंट अंडर 14 में फैजाबाद कैंट को हराकर चैंपियन बनीं, जबकि केंद्रीय विद्यालय आरडीएसओ लखनऊ ने अंडर 19 की शील्ड अपने नाम की।
विजेता टीमों को डोगरा रेजीमेंट के बिग्रेडियर एसके झा ने शील्ड सौंपी, जबकि खिलाड़ियों को प्राचार्य घनध्याम पांडेय व क्रीड़ाधिकारी दीपचंद ने पुरस्कृत किया।
केंद्रीय विद्यालय फैजाबाद कैंट परिसर में चल रही संभाग स्तरीय कबड्डी के आखिरी दिन अंडर 14 के फाइनल में लखनऊ कैंट और फैजाबाद कैंट की टीमों के बीच भिड़ंत हुई। लखनऊ के कैप्टन राम विशाल ने सधी रणनीति के तहत फैजाबाद के कैप्टन अब्बास को कभी आगे स्कोर नहीं करने दिया।
एकतरफा मुकाबले में 71-29 के अंतर से पराजित कर शील्ड जीत ली। फैजाबाद कैंट को दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में केंद्रीय विद्यालय गोमतीनगर ने बीकेटी लखनऊ को कड़े संघर्ष में 51-44 के अंतर से हराया। बीकेटी को चौथा स्थान मिला।
अंडर 19 के फाइनल में केंद्रीय विद्यालय आरडीएसओ लखनऊ ने केंद्रीय विद्यालय बीकेटी को आसानी से परास्त कर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। आरडीएसओ के कैप्टन शिवांग ने बीकेटी के कैप्टन शशांक की रणनीति को कभी सफल नहीं होने दिया।
लिहाजा फाइनल में 63-25 के अंतर से जीत दर्ज की। बीकेटी को दूसरा स्थान मिला। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में लखनऊ कैंट ने एएमसी लखनऊ को 45-39 के अंतर से हराया।