अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बुधवार को होने वाले कार्यक्रम को लेकर उत्साह चरम पर है। योग दिवस के रिहर्सल में मंगलवार को योग के प्रति हजारों लोगों में जोश-जुनून और जज्बा दिखा। शहर के कई स्थानों पर योगाभ्यास के रिहर्सल के बाद निकली भीड़ से सड़कें जाम हो गईं।
प्रशासनिक अफसरों के साथ ही कर्मचारियों, विभिन्न संगठन के लोगों, विवि के शिक्षक, स्कूली बच्चों सहित अन्य लोगों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम की सफलता के लिए मंगलवार को रिहर्सल किया।
साहबगंज के एक लॉन में प्रात: साढ़े छह से आठ बजे तक योग का रिहर्सल हुआ, जहां कमिश्नर मनोज मिश्र, डीआईजी रमेश चंद्र साहू, डीएम संतोष कुमार राय, सीडीओ रवीश कुमार गुप्ता, एडीएम सिटी विंध्यवासिनी राय, सीआरओ रामयश गौतम, पीडी अश्वनी कुमार मिश्र, पीओ डूडा दिवाकर भारती यादव उपस्थित थे।
योग कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष विजय गुप्ता ने भी शिरकत किया। योगाभ्यास के बाद निकली भीड़ से चौक, नियांवा, अयोध्या मार्ग आदि पर जाम लग गया। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में योग को लेकर वृहद तैयारियां की गई हैं। मंगलवार की सुबह सैकड़ों लोगों ने योगाभ्यास किया।
नाका स्थित गांधी आश्रम के साथ ही स्टेडियम में भी योगाभ्यास के कार्यक्रम का संचालन प्रशिक्षकों के जरिए कराया गया। रिहर्सल के समय आर्ट ऑफ लिविंग के योग प्रशिक्षक अनुज भज्जा, कपिल चैरसिया, आनंद जायसवाल, नमनी जायसवाल ने व्यापक प्रशिक्षण दिया।
अन्नत विश्व के प्रत्येक मनुष्य को स्वस्थ बनाने के साथ सौहार्द व शांति तथा भाईचारे के संदेश के प्रचार-प्रसार के लिए संकल्प दिलाया गया।