फैजाबाद में निर्माणाधीन स्टेडियम का निरीक्षण करते खेल राज्यमंत्री रामसकल।
- फोटो : अमर उजाला
निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल (स्पोर्ट्स स्टेडियम) डाभासेमर के निर्माण में घटिया सामग्री लगाई जा रही है। इसकी पोल बुधवार को खेल राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार राम सकल गुर्जर और खेल निदेशक आरपी सिंह के निरीक्षण में खुली। यहां बैडमिंटन हाल की छत बनते ही टपकने लगी है तो केबल जली पाई गई। कई निर्माण कार्यों में पीली ईंट का प्रयोग होता मिला।
मसाला समेत सरिया भी मानकों के विपरीत पाई गई। मंत्री ने घटिया सामग्री का नमूना लेकर जांच के लिए भेजने का आदेश दिया है। तरणताल के निर्माण में टायल्स में गड़बडी और लर्निग पुल व गोताखोरी के लिए पुल का कार्य शुरू न होने समेत अन्य अनियमितताओं पर खेल निदेशक को जांच का आदेश दिया गया है।
खेल राज्यमंत्री स्वत्रंत प्रभार और निदेशक खेल केसाथ संयुक्त निदेशक अनिल कुमार बनौधा बुधवार को निर्माणाधीन स्टेडियम का निरीक्षण करने पहुंचे। अतिथि गृह में अधिकारियों के साथ समीक्षा के बाद मंत्री ने खेल छात्रावास में खिलाड़ियाें से भेंट कर उनका हाल जाना, छात्रावास में खिलाड़ियों के भोजन का निरीक्षण किया।
बालक छात्रावास के बाद खिलाड़ियों के कक्ष में सफाई के निर्देश दिए। बालिका छात्रावास में सफाई के लिए बालिकाओं की सराहना की। प्रशासनिक भवन के निर्माण में प्रयुक्त हो रही सामग्री को देख मंत्री बिफर गए। उन्होंने निर्माण में प्रयुक्त हो रही पीली ईंट, मसाला और सरिया का नमूना लेकर जांच के लिए भेजने का आदेश दिया।
वे नमूने साथ ले गए। तरणताल के निर्माण में टायल्स में गडबड़ी और लर्निग पूल व गोताखोरी के लिए पुल का कार्य शुरू न होने पर निदेशक ने पीएम की जमकर क्लास ली। इस दौरान शासन से निर्गत धन पर हुए कार्य की समीक्षा के लिए मंत्री रिकार्ड मांगते रहे, पीएम और जेई उपलब्ध कराने का आश्वासन देते रहे।
नाराज मंत्री ने खेल निदेशक को जांच काआदेश दिया है। बहुउद्देशीय हाल में बैडमिंटन कोर्ट पर पानी टपकने व केबल जले होने के कारण बिजली न आने की शिकायत के बाद जेई आरके श्रीवास्तव ने 10 दिन में सुधार का आश्वासन दिया।