सिविल लाइंस स्थित नार्मल कॉलोनी में सोमवार सुबह बाथरूम में करंट उतरने के चलते नायब तहसीलदार रामअनुज सिंह (56) की मौत हो गई। वर्तमान में वह सुलतानपुर के जयसिंहपुर तहसील में तैनात थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है।
सदर तहसील में बतौर कानूनगो काफी समय तक तैनात रहे रामअनुज सिंह को प्रोन्नति के बाद सुलतानपुर के जयसिंहपुर तहसील में नायब तहसीलदार के रूप में तैनाती मिली थी। हालांकि उनका परिवार नगर कोतवाली क्षेत्र में जीजीआईसी के सामने स्थित नार्मल कॉलोनी में आवंटित सरकारी आवास में रहता है।
नायब तहसीलदार के पिता के निधन के चलते उनकी पत्नी व पुत्री पैतृक आवास पड़ोसी जिला अंबेडकरनगर के महरुआ थाना क्षेत्र स्थित कीन्हूपुर में हैं। फैजाबाद के सरकारी आवास पर नायब तहसीलदार रामअनुज सिंह व उनका बेटा रणजीत सिंह ही थे।
सोमवार सुबह नायब तहसीलदार ने सामान लाने के लिए बेटे रणजीत को दुकान भेज दिया और खुद ड्यूटी पर जाने के लिए तैयार हो रहे थे। इसी बीच वह स्नान के लिए बाथरूम में गये और वहां उतरे करंट की चपेट में आ गये।
बेटे रणजीत का कहना है कि लगभग सवा आठ बजे वह वापस घर पहुंचा तो पिता को बाथरूम में फर्श पर गिरा पाया। आसपास के लोगों को मामले की जानकारी देकर पिता को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना किया। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। नगर कोतवाल अरविंद मोहन जायसवाल ने बताया कि जिला अस्पताल पहुंच परिवारीजनों से घटना की विस्तार से जानकारी ली और घटनास्थल पहुंच मौका-मुआयना किया।
मौत की वजह करंट से बताई गई है। आसपास के लोगों से भी जानकारी ली गई है। प्रकरण की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया गया है। पीएम रिपोर्ट आने पर सही कारणों का पता चलेगा।