विधानसभा चुनाव में उतरे सभी प्रत्याशियों ने लगभग सवा दो करोड़ रुपये खर्च किए। सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों से कुल 54 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे। चुनाव खर्च में अयोध्या विधानसभा सबसे आगे तो मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र सबसे पीछे रहा।
भारत निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के खर्च की सीमा 28 लाख रुपये निर्धारित की थी। नियमानुसार प्रत्याशी इससे ज्यादा धन खर्च नहीं कर सकते हैं। जिले में पांच विधानसभा क्षेत्र रुदौली, मिल्कीपुर, बीकापुर, अयोध्या और गोसाईगंज हैं। विधानसभा चुनाव के मैदान में उतरे सभी दलों और निर्दल प्रत्याशियों ने चुनाव खर्च का ब्योरा दाखिल कर दिया है। अब इसे आयोग को भेजा जा रहा है।
प्रत्याशियों से दाखिल किए गए आंकड़ों के मुताबिक जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्र से कुल 54 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे। इनमें अयोध्या विधानसभा क्षेत्र से 14, गोसाईंगंज में नौ, बीकापुर में 10, मिल्कीपुर में सात, रुदौली विधानसभा क्षेत्र से कुल14 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।
विधानसभा वार चुनाव खर्च के आंकड़े बताते हैं कि अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में सभी 14 प्रत्याशियों को मिलाकर सबसे ज्यादा 53.62 लाख रुपये खर्च किया जबकि मिल्कीपुर का विधानसभा चुनाव लगभग 34.11 लाख रुपये खर्च किया।
इसके अलावा बीकापुर के चुनाव में 52.09 लाख रुपये, गोसाईगंज में 47.69 लाख रुपये तो रुदौली में 34.7 लाख रुपये खर्च हुए। जिले में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों ने कुल लगभग 222.21 लाख रुपये खर्च किया। विधानसभा चुनाव की एक खास बात यह भी रही कि कोई भी प्रत्याशी तय सीमा के करीब तक नहीं पहुंच पाया।
कोई भी उम्मीदवार 19 लाख रुपये से ऊपर नहीं बढ़ पाया। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि सभी प्रत्याशियों ने चुनाव खर्च का ब्योरा दाखिल कर दिया है। इसे आयोग को भेजा जा रहा है।