जिलेभर में कड़ी सुरक्षा के बीच शहर-कस्बों से लेकर गांव-गांव की करीब 1350 दुर्गा प्रतिमाओं का सरयू नदी के घाटों, ऐतिहासिक कुंडों व जलाशयों में शोभायात्रा के साथ विसर्जन हुआ। इस दौरान भक्तों का उत्साह देखने लायक था।
केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के नेतृत्व में मंगलवार और बुधवार को शहर के जीआईसी ग्राउंड से करीब 200 दुर्गा प्रतिमाओं की शोभायात्रा जुलूस सुबह 10:30 बजे फतेहगंज, सुभाष नगर, बजाजा, चौक घंटाघर, रिकाबगंज, सिविल लाइन, रोडवेज, सहादतगंज हनुमानगढ़ी होते हुए निर्मली कुंड घाट पहुंचा।
एक-एक कर प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। जीआईसी से घाट तक प्रतिमाओं को पहुंचने में छह घंटे से भी अधिक लग गये। चौक के अलावा दूसरी कई जगहों पर धर्म गुरुओं, जन प्रतिनिधियों व संगठनों ने यात्रा का स्वागत किया।
शोभा यात्रा में हाथों में पीत पताका और तिरंगा लिए मातृ व युवा शक्ति वाहिनी, गणेशजी, महापुरुषों श्रीराम, श्रीकृष्ण, गुरुनानक, झूलेलाल, गांधी जी और दुर्गा पूजा को ऊंचाई पर पहुंचाने वाले स्व. श्रीभगवान जायसवाल आदि के चित्र थे। जगह-जगह प्रसाद वितरण व भंडारे का आयोजन भी हुआ।
जीआईसी में विसर्जन यात्रा का स्वागत भाजपा के सांसद लल्लू सिंह, वन राज्यमंत्री नगर विधायक तेज नारायण पांडेय पवन, विधायक रामचंद्र यादव, पालिका चेयरमैन विजय कुमार गुप्त, वेद प्रकाश गुप्त, मुस्लिम समाज से औरंगजेब खान, भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल सहित तमाम लोग शामिल रहे।
मंगलवार और बुधवार को केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति से जुडी व दूसरी समितियों की ओर से करीब चार सौ प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ। सुरक्षा व शांति व्यवस्था के लिए डीएम विवेक, एसएसपी मोहित गुप्त समेत एडीएम सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट, एसपी सिटी के साथ भारी मात्रा में पैरामिलेट्री फोर्स, खुफिया, घुड़सवार, बम खोजी व निरोधी दस्ते आदि ने कमान संभाल रखी थी।