सर्विलांस सेल ने मोबाइल नंबर स्विच ऑफ होने के चलते फोन का आईएमईआई नंबर तलाशा। इसके बाद पुलिस फोन के दूसरे सिम तक पहुंची और धमकी देने वाले की शिनाख्त कर ली। पूछताछ के लिए हिरासत में लिये गये छात्र की पुलिस ने शुक्रवार शाम चौक क्षेत्र से गिरफ्तारी दिखाई है।
शनिवार को नगर कोतवाली में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी सिटी आरएस गौतम ने बताया कि गुरुवार को मोबाइल से सिविल लाइन स्थित होटल संचालक को फोन कर होटल में बम लगा होने की जानकारी दी गई थी।
सूचना पर पुलिस ने चप्पे-चप्पे की तलाशी कराई थी और धमकी दिये जाने वाले की शिनाख्त व तलाश के लिए पुलिस टीम को लगाया गया था। जांच में पता चला कि धमकी देने में प्रयुक्त नंबर बहराइच निवासी मुन्नन के नाम आवंटित है।
जांच को आगे बढ़ाने के लिए फोन सेट की आईएमईआई तलाशी गई तो पता चला कि यह नंबर एक डबल सिम फोन में इस्तेमाल हुआ है। इसी के सहारे पुलिस ने धमकी देने वाले शख्स की पहचान कर ली। धमकी देने वाले युवक रवि ओझा को शुक्रवार शाम पांच बजे चौक क्षेत्र से पकड़ लिया गया।
पकड़ा गया युवक बाराबंकी के सेठ विश्वंभरनाथ तकनीकी संस्थान में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था और फाइनल सेमेस्टर में है। वह मूलरूप से बलिया जिले के दोकटी थाना क्षेत्र स्थित मुरापट्टी का निवासी है और यहां अयोध्या के विद्याकुंड के पास लवकुश नगर कॉलोनी में रहता है।
रवि ने नौकरी न देने पर परेशान करने की नियति से धमकी भरा फोन करने की बात कही है। सिम फर्जी कागजात के सहारे हासिल किया गया था। उसका धोखाधड़ी, कूटरचना, दुर्व्यवहार और धमकी के आरोप में चालान किया गया है।