अयोध्या। मवई थाना क्षेत्र के नेवरा गांव में पुलिस ने छापा मार एक पक्के मकान में चल रहा अवैध स्लाटर हाउस पकड़ा। इस दौरान यहां से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस के साथ महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
यहां से मांस काटने के औजार, तराजू-बांट भी मिला। जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग मौके से भाग गए। पुलिस ने पशु चिकित्सा अधिकारी को बुलाकर मांस को जांच के लिए मथुरा स्थित प्रयोगशाला भेज दिया है।
नेवरा गांव में चोरी छिपे एक घर में पशुवध की सूचना गुरुवार भोर 5 बजे एसएसआई राम नरेश वर्मा, नरेंद्र प्रताप, अशोक कुमार, कुमार ने घेराबंदी कर छापा मारा।
इस दौरान पुलिस जब मकान के अंदर गई तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई। सीओ डॉ. धर्मेंद्र यादव ने बताया कि मकान के अंदर दो महिलाएं और पांच-छह पुरुष मांस को चाकू से काटकर पैकिंग कर रहे थे।
छापामारी के दौरान मौके से 6 पुरुष और 1 महिला भागने में कामयाब रहे। जबकि एक महिला और एक पुरुष को दबोच लिया गया। पूछताछ में इन्होंने अपना नाम रविश कुमार उर्फ सुनील कुमार निवासी जगदीशवापुर थाना सुबेहा जनपद अयोध्या और रफीकुन निशा पत्नी मेराज बताया।
दोनों ने पूछताछ में अवैध स्लाटर चलाने वाले इम्तियाज और अन्य लोगों के नाम बताए। बताया कि ये लोग गोवंश को कटवाकर उसका मांस पैक पर होम डिलीवरी करवाते हैं।
सीओ धर्मेंद्र यादव ने बताया कि ग्राम नेवरा के अवैध स्लाटर हाउस संचालक इम्तियाज, शकील, शाहीन, हुनहुना गांव के वसीम, मिन्नू का भाई तथा दो व्यक्ति अज्ञात पुलिस को देखकर भाग गए।
प्रभारी निरीक्षक मवई चंद्रभान यादव ने बताया कि मौके पर दो क्विंटल मांस के अलावा एक खाल, दो चाकू, एक बांका, एक तराजू, नायलान की पीली रस्सी, एक ठीहा, दो बांट, एक टार्च तथा सात सौ पचास रुपये बरामद हुए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़े गए लोगों को विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।