अयोध्या। कोरोना के बाद अब जिले में डेंगू का कहर शुरू हो गया है। लेकिन इससे निपटने के लिए महकमा सुस्त नजर आ रहा है। अस्पताल पहुंचने पर भी लोगों को सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। कोरोना के कहर से इस समय थोड़ी गनीमत है तो डेंगू का कहर बढ़ने लगा है।
लोग तेजी से डेंगू की चपेट में आ रहे हैं। जिला चिकित्सालय स्थित आरडीसी में हुई तीन सौ लोगों की जांच में में 96 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बृहस्पतिवार को अमर उजाला टीम ने डेंगू से लड़ने को लेकर स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम की तैयारियों का जायजा लिया तो हालात बदतर दिखे।
सीन एक : डेंगू वार्ड में भर्ती थे दो मरीज, नहीं पहुंचे डॉक्टर
जिला चिकित्सालय के डेंगू वार्ड में सुबह 10:55 बजे ओमप्रकाश (22) व दुर्गा प्रसाद (57) भर्ती मिले। दोनों मरीजों ने बताया कि मंगलवार रात से कोई डॉक्टर राउंड पर नहीं आया है। दुर्गा प्रसाद की प्लेटलेट्स 16 हजार तक पहुंच गईं थीं। ओ-निगेटिव ब्लड ग्रुप की व्यवस्था भी नहीं थी। वहीं अस्पताल में प्लेटलेट्स की मशीन भी खराब है। हालांकि, दोनों ने सेहत में सुधार है।
सीन दो : ओपीडी में 10:50 तक नहीं बैठे फिजीशियन
जिला अस्पताल में ओपीडी के कक्ष संख्या-14 में सुबह 10:50 तक फिजीशियन नहीं बैठे थे। जबकि बुखार, सर्दी-जुकाम सहित अन्य बीमारियों से ग्रसित मरीज सुबह से जमे रहे। कुछ तो लाइन में खड़े होकर थक गए और जमीन पर ही बैठ गए। चिकित्सक के देर से बैठने के कारण जांच कराने में भी विलंब हुआ।
सीन तीन : लंबे समय से खराब पड़ी प्लेटलेट्स मशीन
जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्त से प्लाज्मा व प्लेटलेट्स को अलग करने वाली मशीन काफी समय से खराब है। कुछ दिन पूर्व मशीन बनी तो इनपुट प्लेट खराब हो गई। इसकी वजह से मरीजों को प्लेटलेट्स नहीं मिल पा रही है। अस्पताल प्रशासन ने निजी तौर पर व्यवस्था कराने का दावा किया है। पैथोलॉजिस्ट डॉ. फुजैल अंसारी ने बताया कि मशीन का खराब पार्ट आ रहा है। शीघ्र ही मशीन चालू होगी।