02-अयोध्या-रुदौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरनपुर में शव को नोचकर खाता कुत्ता
- फोटो : FAIZABAD
भेलसर। रुदौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरनपुर में मानवता को शर्मशार करने वाली घटना सामने आई है। यहां अस्पताल गेट पर रखे शव को स्वास्थ्य कर्मियों व पुलिस की मौजूदगी में कुत्ते नोचते रहे पर किसी ने कुछ नहीं किया।
मामला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरनपुर का है, जहां शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके शव को अस्पताल के प्रांगण में रखा गया था, जिसे कुत्ते नोंच रहे थे। इस हृदयविदारक दृश्य को देख कर अस्पताल में मौजूद सभी के रोंगटे खड़े हो गए। लोगों ने तुरंत अस्पताल प्रशासन व मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को इस बात की जानकारी दी लेकिन कुछ देर तक किसी ने सुध नहीं ली और कुत्ते शव को कुत्ते नोचकर खा रहे थे। पुलिस वहां पहुंची लेकिन उनका रवैया भी खासा गैर-जिम्मेदराना था।
पुलिस ने आनन फानन में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना को लेकर पुलिस अस्पताल प्रशासन को जिम्मेदार ठहरा रही है। लेकिन ऐसी घटनाएं हमारी संवेदनहीनता पर सवाल जरूर खड़े करते हैं। सीएचसी अधीक्षक पीके गुप्ता ने बताया कि जब परिजन आते है तब पुलिस रहती है तो शव सुपुर्द कर दिया जाता है। वहीं, सच्चाई यह है कि जिस समय कुत्ता शव नोंच रहा था, परिजन आए ही नहीं थे और पुलिस मौजूद थी।