अयोध्या सीएचसी खैरनपुर में सैंपल लेते स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : FAIZABAD
भेलसर। रुदौली तहसील के लोगों को कोरोना वायरस की जांच के लिए सैंपल देने के लिए अब जिला मुख्यालय दौड़ने की जरूरत नहीं है। प्रदेश सरकार ने यह सुविधा अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरनपुर पर शनिवार से शुरू करा दी है। कोरोना संदिग्ध की सैंपलिंग के लिए तीन एलटी सहित दस मेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। यह जानकारी अयोध्या के अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय मोहन ने दी।
उन्होंने बताया कि शनिवार को मवई क्षेत्र के 11 व रुदौली के 28 कोरोना संदिग्ध लोगों का सैंपल लिया गया है। रविवार को सीएचसी मवई व खैरनपुर के लगभग 41 स्वास्थ्य कर्मियों का सैंपल लिया जा रहा है, जिसको जांच के लिए लखनऊ केजीएमयू भेजा जाएगा। बताया कि इसकी जांच रिपोर्ट यही पर मिलेगी, इससे जिला मुख्यालय पर लगने वाली भीड़ भी कम हो जाएगी।
ध्यान रहे कि रुदौली क्षेत्र में कोरोना संक्रमित की संख्या बढ़ती जा रही है। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर दहशत ने लोगों में अपना घर बना लिया है। सबसे अहम बात यह है कि कोरोना की जांच कैसे और कहां हो इसको लेकर लोग काफी परेशान रहे हैं, ऐसे लोगों की अब परेशानी दूर हो गई है। नायब तहसीलदार रुदौली वीरेंद्र कुमार ने बताया कि तहसील क्षेत्र में अब तक लगभग एक दर्जन लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जिनका उपचार जिला मुख्यालय पर हुआ।