अयोध्या। जिला विद्यालय क्रीड़ा समिति के निर्देशन में आर्य कन्या इंटर कॉलेज द्वारा जिला बालिका स्कूली हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके सब जूनियर वर्ग में खेले गए फाइनल मुकाबले में मेथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज ने कनौसा कांवेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज को 3-0 से पराजित कर खिताब पर कब्जा किया।
सीनियर वर्ग के मुकाबले में कनौसा कांवेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज ने आर्य कन्या इंटर कॉलेज को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
डॉ. भीमराव अंबेडकर राज्य विद्यालय क्रीड़ा संस्थान के मैदान में सब जूनियर वर्ग में मेथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज और कनौसा कांवेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में मिशन स्कूल की टीम शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मध्यांतर तक 2-0 से आगे रही।
मध्यांतर के बाद कनौसा की टीम ने वापसी का प्रयास किया लेकिन मिशन के मजबूत रक्षा बंद को भेद पाने में असफल रही। मिशन की टीम ने गोल दागकर अपनी जीत सुनिश्चित कर ली।
सीनियर वर्ग के अंतर्गत खेले गए फाइनल मुकाबले में कनौसा कांवेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज की टीम ने आर्य कन्या इंटर कॉलेज को 3-0 से पराजित किया। टीम के लिए मुस्कान ने मैच के पच्चीसवें और तीसवें मिनट में गोल कर टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी।
मध्यांतर के बाद मैच के 45 मिनट में ऋषिका ने तीसरा गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला विद्यालय निरीक्षक आरबी सिंह चौहान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय क्रीड़ा समिति के सचिव धर्मेंद्र सिंह, संयुक्त सचिव अभिषेक सिंह, राजेश कुमार सिंह, विजेंद्र सिंह, एकता यादव, श्रद्धा श्रीवास्तव, शिव्या श्रीवास्तव व सीपी सिंह आदि मौजूद रहे।