अयोध्या। तेज हवाओं के साथ बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कई जगह पेड़ गिरने से भारी नुकसान हुआ है। रुदौली के सुलेमपुर गांव में पेड़ की डाल गिरने से एक महिला की मौत हो गई।
जगह-जगह सड़क व रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा। शहरी व ग्रामीण इलाकों में कई कच्चे मकान धराशाई हुए हैं। अयोध्या में एक जर्जर मंदिर भी जमींदोज हो गया।
भारी बारिश से शहर के कई मोहल्ले लबालब हो गए। पुलिस लाइन के घरों व दफ्तरों में भी पानी घुस गया है। पानी भरने से जलवानपुरा कॉलोनी तालाब बन गई है। सैकड़ों लोग फंसे हैं, उन्हें निकालने के लिए प्रशासन ने टीमें लगाईं हैं।
मंगलवार रात से बुधवार तक जनपद में 131 मिमी. वर्षा रिकार्ड हुई है। मौसम विभाग ने अभी 15 जुलाई तक भारी वर्षा की संभावना जताई है। हालांकि रुक-रुककर बारिश सोमवार रात से ही शुरू है।
मंगलवार रात तेज हवा के साथ हुई मूसलाधार वर्षा से कई जगह पेड़ गिर गए, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ। बुधवार सुबह 7 बजे कोतवाली रुदौली के सुलेमपुर गांव के पूर्व प्रधान जगन्नाथ की पत्नी जनकलली (48) गांव में टहल रही थी।
इस दौरान गांव में बने मंदिर के निकट लगे पीपल के पेड़ की डाल अचानक टूटकर गिर गई। जनकलली पेड़ की टूटी डाल के नीचे दब गई। इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई।
विकासखंड पूराबाजार के शांतिपुर गांव निवासी सुखलाल केे खपरैल के मकान पर बुधवार सुबह करीब 7 बजे सिरसा का पेड़ गिर गया। इससे मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया।
घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। ग्रामीणों ने घटना की सूचना हल्का लेखपाल ललित मिश्रा को दे दी है। वहीं अयोध्या के दंतधावन कुंड इलाके में एक भारी भरकम दीवार सड़क पर गिर गई, हालांकि मूसलाधार बारिश के चलते सड़क पर कोई नहीं था। इससे बड़ा हादसा टल गया।