अयोध्या/गोसाईगंज। जिले के होनहारों में पीएसएस परीक्षा में सफल होकर जिले का मान बढ़ाया है। मया विकासखंड लंगड़ा तार निवासिनी सृष्टि सिंगला तिवारी का चयन वाणिज्य कर अधिकारी (सीटीओ) पर पर हुआ है। वहीं, देवकाली निवासी ईरा यादव का भी इसी पद पर चयन हुआ।
मया विकासखंड लंगड़ा तार निवासिनी सृष्टि सिंगला तिवारी के पहले परिवार से 2015 में पीसीएस परीक्षा में उनके पति पंकज तिवारी समेत आदित्य तिवारी व ललित तिवारी का एक साथ वाणिज्य कर अधिकारी के पद पर चयन हो चुका है।
सृष्टि सिंगला तिवारी ने इसका श्रेय अपने पति, सास-ससुर व माता-पिता को दिया है। इसके पूर्व वह राजस्थान पीसीएस 2017 बैच में चयनित हो चुकी हैं। वह सामाजिक सुरक्षा अधिकारी अलवर में तैनात हैं।
वहीं, देवकाली निवासी ईरा यादव भी पीसीएस-2017 में चयनित हुई हैं। उनका चयन सीटीओ (वाणिज्य कर अधिकारी) के रूप में हुआ। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा कृष्णा यादव, पिता रामगोपाल यादव व भाई पुनीत यादव को दिया। इससे पूर्व उनका इनकम टैक्स अधिकारी के पद पर चयन हो चुका है।
वहीं फैजाबाद शहर के सिविल लाइंस स्थित डीएम बंगले के पास की रहने वाली वैशाली सिंह पीसीएस परीक्षा 2017 को उत्तीर्ण कर असिस्टेंट कमिश्नर इंडस्ट्री के पद पर चयनित हुई हैं।
वैशाली ने बताया कि उनके पिता वाल्मीकि सिंह व्यापारी हैं। उन्होंने 2017 में दो माह नाका स्थित कोचिंग जरूर ली थी, मगर यही समझ में आया कि सेल्फ स्टडी ही सफलता दिलाएगी।
इसके बाद वे घर पर ही तैयारी करने लगीं। उधर, अयोध्या जिले के मिल्कीपुर तहसील के खानपुर गांव निवासी अरुण कुमार तिवारी ने सम्मिलित राज्य प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2017 के घोषित परिणाम में जिला उद्यान अधिकारी पद पर चयनित होकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
उनका कहना है कि माता गीता देवी व पिता अशोक कुमार द्विवेदी के आशीर्वाद व धर्मपत्नी रीता देवी के प्रेरणा से सफलता मिली। वहीं जिले की स्मृति गुप्ता का वाणिज्य कर अधिकारी व अनिल कुमार तिवारी का यात्री व मालकर अधिकारी पद पर चयन हुआ है।