-नगर पालिका रुदौली के सभासदों को शपथ दिलाते एसडीएम अंशुमान सिंह।
अयोध्या। जिले की पांच निकायों में महीनों से सरकार का इंतजार समाप्त हो गया। शुक्रवार को नगर पालिका परिषद रुदौली, नगर पंचायत बीकापुर, भरतकुंड भदरसा, कुमारगंज और गोसाईगंज में नवनिर्वाचित अध्यक्ष और सदस्यों के शपथ लेने के साथ नई सरकार पदासीन हो गई। निकायों के अध्यक्षों ने अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। कहा कि नगर के लोगों की समस्याओं का समाधान करने के साथ उन्हें जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे।
रुदौली : पालिका अध्यक्ष के साथ नौ सदस्यों ने ली शपथ
रुदौली (अयोध्या)। रसूलाबाद रोड स्थित एक मैरिज लॉन में शुक्रवार दोपहर बाद आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में आदर्श नगर पालिका परिषद रुदौली के एसडीएम रुदौली अंशुमान सिंह ने अध्यक्ष जब्बार अली को शपथ दिलाई। इसके बाद अध्यक्ष ने सदस्यों को शपथ दिलाई। इसमें 25 में से सपा के तीन और तीन निर्दलीय सभासद ही शामिल हुए।
समारोह में आठ बीजेपी, तीन बीएसपी व पांच निर्दलीय सभासद शामिल नहीं हुए। शपथ लेने के बाद पालिकाध्यक्ष जब्बार अली ने कहा कि जिन सभासदों ने शपथ ली है उन्हें भी बीजेपी व बसपा के लोगों ने रोकने का प्रयास किया। समारोह में सपा के पूर्व मंत्री अवधेश प्रसाद, पूर्व मंत्री आनंदसेन यादव, पवन पांडेय, सपा जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव, छोटेलाल यादव, नगर अध्यक्ष मोहम्मद आमिर खान, अली मियां समेत कई लोग शामिल रहे। अंत में राष्ट्रगान के बाद भारत माता जय के नारे लगे।
अधूरे कार्यों को पूरा कराना पहली प्राथमिकता : जब्बार
रुदौली (अयोध्या)। रुदौली के नवनिर्वाचित अध्यक्ष जब्बार अली ने कहा कि पहली प्राथमिकता अधूरे कार्यों को पूरा कराना है। कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण तेजी से करवाया जाएगा। सभासदों के साथ नगर के विकास कार्यों का खाका तैयार किया जाएगा। उसी के अनुसार कार्यों को गति दी जाएगी। पालिका में शामिल गए गए गांवों में सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सदस्यों की सहमति से नगर को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा। सफाई पर विशेष जोर होगा। सुलभ शौचालय, नाला व नालियों का निर्माण कराने के साथ पेयजल व्यवस्था में भी सुधार किया जाएगा।