गुरूवार की रात से जारी बारिश शुक्रवार को भी अलग-अलग स्थानों पर होती रही। जिससे मौसम खासा नम रहा और गर्मी से व्याकुल लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 4-5 दिनों तक अच्छी बारिश की उम्मीद है।
पिछले कई दिनों से जारी उमस भरी गर्मी से गुरुवार की देर शाम अचानक राहत मिल गई। अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए बैठे किसानों ने भी राहत महसूस की। गुरुवार की रात से जारी रिमझिम बारिश शुक्रवार को भी दिन भर अलग-अलग स्थानों पर जारी रही।
शुक्रवार को कुमारगंज क्षेत्र में ही करीब 35 मिमी बरसात हुई। जिले भर में शुक्रवार को औसतन 20-25 मिमी बरसात रिकार्ड की गई। इस बीच अधिकतम तापमान घटकर 30 डिग्री व न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार 27 सितंबर तक अच्छी बारिश की उम्मीद है। इस बीच मौसम में नमी बरकरार रहेगी।