अयोध्या। जीआईएस सर्वे के बाद शहर में बढ़े गृहकर के खिलाफ सपा के पार्षदों और पदाधिकारियों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। पहले चरण में उन्होंने सोमवार को अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्ता को ज्ञापन देकर बढ़ा टैक्स वापस लेने की मांग की। हालांकि सपाई महापौर को ज्ञापन देना चाहते थे, लेकिन महापौर कार्यालय नहीं पहुंचे तो उनकी मंशा विफल हो गई।
नगर आयुक्त को सौंपे ज्ञापन में जीआईएस गलत बताते हुए बढ़ा टैक्स वापस लेने, जिन वार्डों में सीवर, रोड लाइट, और पानी की व्यवस्था नहीं है, वहां अभी टैक्स न बढ़ाने, रामपथ मार्ग टूटे भवनों का दोबारा सर्वे कराकर गृहकर व जलकर लगाने की मांग की गई। सपा नेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। सपा महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव के नेतृत्व में ज्ञापन देने वालों में महानगर महासचिव हामिद जाफर मीसम, पार्षद विशाल पाल, राम भवन यादव, वकार अहमद समेत सभी पार्षद शामिल थे।