बड़ागांव। रौनाही थाना क्षेत्र में एक युवक के मंगलवार सुबह लापता हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। बाद में उसी के मोबाइल नंबर से मैसेज द्वारा पैसे की मांग की गई।
पहली मांग पूरी होते ही दूसरी बार पैसे की डिमांड की गई। हैरान परेशान पीड़ित की मां हसरूल निशा ने मामले की तहरीर थाना प्रभारी रौनाही को दी। पुलिस का कहना है कि युवक वापस घर आ गया है।
मामला सोमवार सुबह का है जब ग्राम पंचायत खिरौनी के मजरे बुलई का पुरवा निवासी मो. असलम सुबह लगभग आठ बजे अपने घर से लापता हो गया।
थोड़ी ही देर बाद उसी लड़के के मोबाइल नंबर से मैसेज आया कि मेरे बैंक ऑफ बड़ौदा खाते में 11000 ट्रांसफर कर दो वरना मुझे यह लोग नहीं छोड़ेंगे। पीड़िता की मां हसरूल निशा ने बताया 11,000 रुपया लड़के के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया। थोड़ी देर बाद 28000 रुपये ट्रांसफर करने का मैसेज आया।
हलका इंचार्ज नरेंद्र पांडेय ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए बताया मो. असलम अपनी मां से पैसा लेने के लिए घर से मंगलवार सुबह भागा। खुद अपने ही मोबाइल से मैसेज भेज अपने खाते में पैसा ट्रांसफर कराया और बाद में खुद घर वापस आ गया।