मिल्कीपुर। इनायतनगर थाने के ग्राम देवनपारा निवासी शोभावती पत्नी जगजीवन प्रसाद से किसी अनजान व्यक्ति ने पीएम आवास के नाम पर ढाई हजार रुपये झटक लिए। अब फोन करके साढ़े सात हजार रुपये की मांग और कर रहा है।
पीड़ित महिला ने थाना इनायतनगर में तहरीर दी कि तीन दिनों से मेरे नंबर पर किसी अनजान व्यक्ति ने फोन करके बताया कि तुम्हारा प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हो गया है। मेरे एकाउंट नंबर 50358945251 पर 2500 रुपए भेज दो। तुम्हारा आवास बन जाएगा।
पीड़िता ने समझा कि ब्लॉक का कर्मचारी सेक्रेटरी या बीडीओ ने पैसे की मांग की है। महिला ने जन सेवा केंद्र आस्तीकन से खाते में पैसा 2500 रुपये भेज दिया। पैसा मिलने के बाद दोबारा महिला के मोबाइल पर कल से वह व्यक्ति बार-बार 7500 रुपये की मांग कर रहा है।
जब शोभावती ने उसका नाम पूछा तो उसने फोन काट दिया। शुक्रवार को फिर उसका फोन कई बार आया तो शक हुआ कि वह कोई जालसाज है।
महिला ने थाना इनायतनगर पर मोबाइल नंबर 8127 54 83 85 से आए फोन की जानकारी देते हुए लिखित तहरीर दी और जालसाज के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जालसाज के नंबर को सर्विलांस से जांच कर कार्रवाई की जाएगी।