अयोध्या। पंचकोसी परिक्रमा गुरुवार सुबह से शुरू होगी। इसको लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का कड़ा जाल बुना है। बुधवार शाम को ही मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर उन्हें निर्धारित स्थानों पर तैनात कर दिया गया।
परिक्रमा के दौरान करीब 15 किमी. की अयोध्या की परिधि में एटीएस, आरएएफ, सीआरपीएफ, पीएसी व पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा खुफिया एजेंसियों, एंटी रोमियो स्कवॉयड, सीसीटीवी, ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी संदिग्धों पर निगाह रखी जाएगी।
पंचकोसी परिक्रमा गुरुवार सुबह 9.47 बजे शुरू होकर शुक्रवार सुबह 11.56 बजे समाप्त होगी। इस परिक्रमा में शहरी क्षेत्र के निवासी भी भारी संख्या में भाग लेते हैं।
अनुमान के मुताबिक परिक्रमा में गुरुवार को ज्यादातर गैर जिलों के व ग्रामीण इलाके के लोग व शुक्रवार भोर में शहर के लोग परिक्रमा करेंगे। इसको लेकर पुलिस व जिला प्रशासन ने सुरक्षा समेत अन्य नागरिक सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पंचकोसी परिक्रमा अयोध्या नगर की सीमा पर चलती है।
शांति व सुरक्षा व्यवस्था के लिए इसे तीन जोन में बांटा गया है। प्रथम जोन में जोनल के साथ एक सेक्टर और 17 स्टेटिक और दो आरक्षित मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। द्वितीय जोन में जोनल के साथ दो सेक्टर, चार स्टेटिक और दो आरक्षित, चार स्टेटिक और दो आरक्षित मजिस्ट्रेट, तृतीय जोन में जोनल के साथ एक सेक्टर, दो स्टेटिक, दो आरक्षित मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। इन सभी जोन का प्रभारी एएसपी व सेक्टर प्रभारी डीएसपी स्तर के अधिकारी को बनाया गया है।
एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि मेला क्षेत्र में सीआरपीएफ, आरएएफ, पीएसी व पुलिस बल के साथ एटीएस की तैनाती की गई है। इसके अलावा सादी वर्दी में पुलिस के जवान, एलआईयू समेत अन्य खुफिया एजेंसियां भी भीड़ में शामिल होकर संदिग्ध व अराजकतत्वों पर निगाह रखेंगी। पूरे मेला क्षेत्र की सीसीटीवी व ड्रोन कैमरे से भी निगहबानी की जाएगी।
अयोध्या में सभी तरह के वाहनों के प्रवेश पर रोक
अयोध्या। गुरुवार को होने वाली पंचकोसी परिक्रमा को लेकर अयोध्या के सभी रास्ते से वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। ये प्रतिबंध एंबुलेंस व मरीज वाहनों के लिए यातायात प्रतिबंधित नहीं रहेगा। यह यातायात डायवर्जन 7 नवंबर की सुबह 4 बजे से 8 नवंबर की सुबह 12 बजे तक लागू रहेगा।