अयोध्या। जनपद की स्वॉट टीम व बीकापुर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एटीएम कार्ड की क्लोनिंग कर फ्राड करने वाले एक गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी।
यह मुठभेड़ करीब 15 मिनट तक चली। जिसमें दोनों ओर से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई। पकड़े गए व घायल बदमाशों के पास से एक पिस्टल, चार तमंचे, दर्जनों कारतूस, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस राइटर/रीड, स्कैनर, की पैड व दर्जनों एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह एटीएम क्लोनिंग कर धोखाधड़ी कर लोगों खाते से पैसा निकालता था। एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि सोमवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एटीएम कार्ड की क्लोनिग कर फ्राड करने वाले एक गिरोह के कुछ बदमाश प्रतापगढ़ से अयोध्या की तरफ आ रहे हैं।
इनके पास भारी संख्या में असलहे भी हैं। सूचना पर स्वॉट टीम के प्रभारी रतन कुमार शर्मा व बीकापुर कोतवाल श्याम सुंदर पांडेय के नेतृत्व में टीम बनाकर मंगारी पुल बरहूपुर मोड के पास घेराबंदी की गई।
देर रात करीब 1:55 बजे एक कार को आता देख पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो कार में सवार लोग कार से उतर कर ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर खेतों की ओर भागने लगे।
पुलिस टीम ने अपने आपको बचाते हुए खेत में बदमाशों को घेर लिया। इस दौरान दोनों तरफ से करीब 15 मिनट तक फायरिंग हुई। जिसमें दोनों ओर से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई।
जिसमें तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार हुए बदमाशों की पहचान मनीष सिंह व देशराज सिंह निवासी पूरे खुशई मोहनगंज थाना कोतवाली नगर जनपद प्रतापगढ़, ऋषिकेश पाल निवासी भुवालपुर डोभीपुर थाना जेठवारा जनपद प्रतापगढ़, नीरज सिंह निवासी भुवालपुर गोविंदपुर थाना जेठवारा जनपद प्रतापगढ़ व श्याम सिंह निवासी विक्रमपुर थाना कोतवाली नगर जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई।
बदमाशों के पास से एक पिस्टल, चार तमंचे, एक अदद इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस राइटर/रीडर, मोबाइल फोन की-पैड, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस स्कैनर, 15 एटीएम, नकदी व कार बरामद हुई।
एसएसपी के अनुसार यह गिरोह भीड़ बनाकर एटीएम के पास रह कर शिकार चिह्नित करते थे। उसका एटीएम किसी बहाने से प्राप्त कर उसकी क्लोनिंग कर मूल एटीएम का प्रतिरूप तैयार कर धोखाधड़ी से पैसा निकाल लेते थे।
आरोपियों के आपराधिक इतिहास के बारे में पता लगाया जा रहा है। बताया कि सभी के खिलाफ धारा 307, 419, 420, 467, 468, 471 के तहत केस दर्ज कर चालान कर दिया गया है।
अयोध्या-मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी।- फोटो : FAIZABAD
मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी।- फोटो : FAIZABAD