बीकापुर। कस्बे में शनिवार दोपहर पोस्ट ऑफिस के समीप प्रयागराज हाईवे पर भरतकुंड से आ रही पिकअप ने एक कार में टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस द्वारा सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर ले गई, प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों को चिकित्सक एसके मौर्य ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
शनिवार दोपहर में अयोध्या की तरफ से बीकापुर आ रही कार जैसे ही अपने घर की तरफ घूमी, वैसे ही पीछे से आ रही पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। कार में बैठी सीतापति (95), वीरु राय (26) निवासी तेंदुआमाफी सुगन राय का पुरवा नगर पंचायत बीकापुर और पिककप पर सवार भगवती प्रसाद (80), भारत प्रजापति (50) निवासी सोनवर्षा मुसलमीन कोछा बाजार कोतवाली बीकापुर व मिननू (60) निवासी सराय खरगी बीकापुर घायल हो गए।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने सीतापति, भगवती प्रसाद, भारत प्रजापति को जिला अस्पताल रेफर किया है। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। कोतवाल इंद्रेश यादव ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।