रुदौली तहसील क्षेत्र के तीन गांवों में रविवार को लगी आग से पांच घर जलकर राख हो गए। नगरा गांव में उज्ज्वला योजना का सिलेंडर फटने से आग भड़की, दो मकान राख हो गए। झुलसे एक बुजुर्ग को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है जबकि ममहमूद मऊ व बिहारा गांव में तीन मकान जल गए। सारा सामान जलने से पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
सभी खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। ग्रामीणों के प्रयास से किसी तरह आग पर काबू पाया गया है, फायर दस्ता कहीं नहीं पहुंच पाया। तहसीलदार ने हल्का लेखपालों को क्षति के आकलन के लिए निर्देशित किया है।
पटरंगा थानाक्षेत्र के नगरा ग्राम सभा में रविवार की सुबह रामशरन (66) के घर में रखा उज्ज्वला योजना का सिलेंडर विस्फोट से फट गया, जिससे लगी आग ने बगल रह रहे भाई सियाराम के घर को भी अपनी आगोश में ले लिया।
इस बीच घर में मौजूद बुजुर्ग रामसरन आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। जिन्हें सीएचसी मवई ले जाया गया। जहां बुजुर्ग की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सीएचसी प्रभारी डॉ. नितिन ने बताया कि बुजुर्ग 60 फीसदी से अधिक झुलस गए हैं। पटरंगा थाना प्रभारी गजेंद्र पाल ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया अन्यथा और लोगों के घर जल सकते थे।
दूसरा हादसा रविवार को मवई थाना क्षेत्र के चमरानपुरवा मजरे महमूदमऊ गांव में हुआ। गांव निवासी शिवचरन व राम चरन के घरों में रविवार की सुबह तकरीबन 10 बजे आग लग गई। दोनों घरों में रखे कपड़े, राशन सहित सारा सामान जलकर राख हो गया।
जिस समय आग लगी शिवचरन खेत में अरहर की काटई कर रहे थे और उनकी पत्नी महुआ बीन रही थी। मौके पर पहुंचे सीओ संतोष कुमार व मवई थाना प्रभारी जयवीर सिंह यादव ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चला सका है।
जबकि मठिया मजरे बिहारा में शनिवार की देर रात देवबख्श के घर में अचानक आग लग गई। घर में रखा सारा सामान जल कर राख हो गया। पीड़ित ने बताया कि आग कैसे लगी पता नहीं चल सका है। आग में सब कुछ जल कर राख हो गया।
ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया है। तहसीलदार ज्ञानचंद ने बताया कि सभी हादसों में हुए नुकसान के आंकलन का निर्देश क्षेत्रीय लेखपालों को दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद अहेतुक सहायता दिलाई जाएगी।