कैंट में आग लगने के बाद जलकर राख हुआ सामान।
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। शहर के कोतवाली कैंट क्षेत्र के तारापुर रजौली गांव स्थित एक नमकीन की फैक्टरी में मंगलवार को आग लग गई। हादसे में करीब 2.5 लाख की संपत्ति जलकर राख हो गई। डीजल से संचालित भट्टी में आग लगने से लपटें बेकाबू हो गईं। इससे लपटों पर काबू पाने में करीब दो घंटे लग गए।
तारापुर रजौली में अरविंद कुमार गुप्ता ने नमकीन व बूंदी बनाने का कारखाना लगा रखा है। इसमें नमकीन बनाने के लिए छह भट्टियां डीजल से संचालित होती हैं। कारखाने में काम कर रहे लोगों के अनुसार डीजल की भट्टी में दोपहर तीन बजे के आसपास लीकेज हो गया, जिससे आग लग गई।
आग थोड़ी ही देर में एक के बाद भट्टी में बढ़ती चली गई। तुरंत ही दमकल टीम को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची अग्निशमन टीम लगभग दो घंटे तक जूझती रही। यहां तक की मुख्य अग्निशमन अधिकारी किशोर कौशल को भी मौके पर पहुंचना पड़ा। कारखाने के मालिक के अनुसार लगभग 2.50 लाख रुपये का कच्चा माल जलकर राख हो गया। मौके पर पुलिस टीम के साथ एसओ कैंट विनोद कुमार भी मौजूद रहे।