बीकापुर। घर से बाजार आए युवक पर कुछ लोगों द्वारा हमला करके घायल कर देने का मामला प्रकाश में आया है। घटना बुधवार शाम की बताई जाती है। मामले में कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात तीन लोगों के खिलाफ धारदार हथियार से हमला करने, मारने पीटने, लूट, गाली-गलौज और धमकी देने की धारा में केस दर्ज किया है।
कोतवाली क्षेत्र के पातूपर निवासी विनय सिंह का आरोप है कि उनका भाई पवन सिंह बुधवार शाम को करीब 6 बजे कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर माफी शाहगंज मोड़ के पास पान खाने के लिए गया था।
जैसे ही उनका भाई पवन सिंह पान की दुकान पर रुका तभी वहां पहले से घात लगाए विपक्षी सौरभ सिंह निवासी मलेथू कनक बीकापुर तथा दो अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार, हथौड़ी व पिस्टल के बट से हमला कर दिया। गुहार मचाने और चीखने चिल्लाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।
हमले में घायल पवन सिंह को उपचार के लिए सीएचसी बीकापुर लाया गया। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक सतीश चंद्रा ने जिला अस्पताल रेफर किया है। कोतवाल इंद्रेश यादव ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।