कुमारगंज (अयोध्या)। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर स्थित किसान भवन में सोमवार रात बरातियों व छात्रावास के छात्रों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया। कुमारगंज निवासी एक व्यक्ति ने अपने बेटे के विवाह के लिए किसान भवन बुक कराया था। बरात लखनऊ के जानकीपुरम से आई थी। सोमवार रात डीजे के साथ बराती और लड़कियां डांस करते हुए कार्यक्रम स्थल की ओर जा रही थीं। जैसे ही बरात सरस्वती और अनुमान छात्रावास के पास पहुंची, कुछ छात्र भी उसमें शामिल होकर डांस करते हुए लड़कियों से अभद्रता करने लगे।
बरातियों ने उसका विरोध किया तो छात्रों ने मारपीट करने के साथ बरातियों पर ईंट-पत्थर चलाए। घटना की जानकारी होने के बाद विवि के कुछ शिक्षक भी मौके पर पहुंचकर छात्रों को शांत कराने लगे लेकिन वह नहीं माने।
सूचना पर एनडीए चौकी प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने विवि के सुरक्षा कर्मियों के सहयोग से बेकाबू छात्रों को छात्रावास के अंदर किया और गेट बंद करवा दिया।
छात्रावास के सामने व शादी कार्यक्रम स्थल पर रातभर पुलिस तैनात रही। कुलपति के सचिव जसवंत सिंह ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। कहा कि अभी सुरक्षा अधिकारी से और डीएसडब्ल्यू से पूछता हूं।
थाना कुमारगंज के एनडीए चौकी प्रभारी संतोष मौर्या का कहना है कि घटना हुई है, फिलहाल अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।