अयोध्या। एनएचएआई द्वारा टोल प्लाजा पर बोल टैक्स लेने के लिए लागू किया गया फास्टैग सिस्टम लोगों को दर्द दे रहा है। फास्टैग सिस्टम लागू होने के बाद महज 15 सेकेंड में टोल पार करने का दावा हवा हवाई साबित हो रहा है, वर्तमान में घंटों इतजार के बाद ही फास्टैग लगे वाहन टोल पार कर पा रहे हैं। इस सिस्टम के लागू होने के 24 घंटा बाद भी टोल प्लाजा पर हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की भीड़ कम नहीं हुई।
सुबह से दोपहर बाद तक लगभग 1 किलोमीटर तक वाहनों में आगे निकलने की होड़ लगी रही और रोड जाम का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। सायरन बजाती एंबुलेंस और अति आवश्यक सेवा से जुड़े वीआईपी वाहन भी रोड जाम में फंसकर शोर मचाते रहे, जिन्हें भी लगभग घंटा भर प्रतीक्षा करने के बाद ही टोल प्लाजा से बाहर निकलने का मौका मिला।
रविवार से शुरू हुई टोल प्लाजा पर रोड जाम की समस्या सोमवार को भी यथावत बनी रही, हालात सुधरने का टोल तंत्र का दावा खोखला निकला। लखनऊ से अयोध्या की ओर जाने वाले वाहनों की लाइन खुदियापुर तक हाईवे पर सर्वाधिक लंबी दिखाई पड़ी। इनमें फंसे वाहनों में आगे निकलने की होड़ इस तरह रही कि कई वाहन आपस में टकरा कर क्षतिग्रस्त होते रहे। इसको लेकर कई वाहन चालक आपस में मारपीट तक करने पर आमादा हो गए।
वहीं, अयोध्या से लखनऊ की ओर जाने वाले हाईवे पर सुबह के समय वाहनों की लाइन कुछ छोटी रही लेकिन शाम होते-होते इस रूट पर भी वाहनों की लंबी लाइन लग गई जिन्हें छोटा करने में टोल तंत्र के कर्मचारियों को पसीना छूट गया।
वाहनों की इस जाम की समस्या का खामियाजा सबसे ज्यादा दोपहिया वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है जो कीचड़ भरी गहरी कच्ची पटरी से निकलने में जान जोखिम में डाल रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं दर्जनों लोग अब तक दुर्घटना का शिकार होकर टोल तंत्र को कोसते निजी चिकित्सकों के यहां पहुंच चुके हैं।
ध्यान रहे कि इस सिस्टम को लागू करने से पूर्व एनएचएआई ने दावा किया था कि इससे टोल से गुजरने में समय की कमी आएगी, पहले जो समय 10 से 15 मिनट लगता था वो अब घटकर मात्र 15 सेकेंड रह जाएगा। लेकिन सिस्टम लागू होने के दूसरे दिन भी ऐसा नहीं हो सका। सिस्टम में खामियों के चलते फास्टैग लगे वाहनों को टोल पार करने में आधे से एक घंटे लगते रहे।
फास्टैग धारक अंबेडकर नगर निवासी वाहन चालक ओपी सिंह, बस्ती निवासी ट्रक चालक रणधीर सिंह, अपनी कार से गोरखपुर जा रहे संदीप पांडे समेत कई वाहन चालकों ने बताया सिस्टम की रफ्तार ढीली है, लगा हुआ कैमरा निर्धारित समय में वाहन को कैच नहीं कर पाता।
बाहर से कैमरा लेकर आने वाले टोल कर्मियों को फोटो लेना पड़ता है, जिसमें पहले से भी ज्यादा समय लग रहा है। बताया किं टोल तंत्र के कर्मचारी प्लाजा पर आने वाले वाहनों को सही लेन में नहीं पहुंचा पा रहे हैं, इससे दोगुना टैक्स भरने पर लोगों का गुस्सा बढ़ रहा है और लोग कहासुनी कर रहे हैं।
रौनाही टोल प्लाजा के वरिष्ठ प्रबंधक विनय वर्मा ने बताया कि सिस्टम अभी नया है, वाहनों की भीड़ ज्यादा है, इससे परेशानी आ रही है। वाहन चालक गलत लेन में चले जाते हैं जिसके कारण परेशानी होती है और समय ज्यादा लग रहा है। रविवार की अपेक्षा सोमवार को कुछ सुधार आया है, जल्दी ही सब सामान्य हो जाएगा और रोड जाम की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा।