फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फास्टैग : पहले दिन ही लगा लंबा जाम

विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या एनएचएआई द्वारा रविवार से सभी टोल प्लाजा पर फास्टैग सिस्टम लागू कर दिया गया। इसको लेकर कई महीनों से चल रही तैयारी पहले दिन ही ध्वस्त हो गई। हाल यह रहा कि रौनाही टोल प्लाजा पर फास्टैग लगे वाहन भी आधे घंटे से एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। सुबह से दोपहर तक टोल प्लाजा के दोनों ओर हाईवे पर वाहनों की करीब एक-एक किलोमीटर तक लाइन लगी रही। इसमें नि:शुल्क व आवश्यक सेवाओं के वाहन एंबुलेंस, मिलिट्री व वीआईपी गाड़ियां भी घंटेभर फंसी रहीं। कई वाहन चालकों ने अपनी पीड़ा सुनाते हुए इस प्रणाली को बेमतलब करार दिया।
विज्ञापन

रविवार सुबह 8 बजे से टोल प्लाजा तहसीनपुर रौनाही पर लागू की गई फास्टैग प्रणाली कारगर साबित नहीं होती दिखी। पहले ही दिन व्यवस्था लागू होते ही हाईवे पर वाहनों का जाम और बढ़ गया। टोल के दोनों ओर करीब एक किमी तक वाहनों की लंबी लाइन लगी रही, इसके चलते वीआईपी वाहन, एंबुलेंस व मिलिट्री के वाहन भी जाम में फंसे रहे। इस सिस्टम के तहत टोल प्लाजा पर दोनों तरफ मिलाकर बने 10 लेन में से 8 लेन फास्टैग लगे वाहनों के लिए थे जबकि दो लेन कैश पेमेंट करने वाले वाहनों की थी।
एनएचएआई के दावे के मुताबिक इस सिस्टम के लागू होने से पहले टोल क्रॉस करने में लगने वाला 15 मिनट का समय अब महज 15 सेकेंड रह जाएगा। सिस्टम की कमी के चलते फास्टैग लगे वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ा, उन्हें भी टोल पार करने में आधा से एक घंटे तक लग गया। वहीं, कैश पेमेंट करने वाली लेन का हाल और भी बुरा रहा, इस लेन पर दिन भर वाहनों की लंबी लाइन लगी रही, इस लेन को पार करने में लोगों को घंटों लग गया।
विज्ञापन

नियमानुसार यदि कोई बिना फास्टैग लगा वाहन फास्टैग वाली लेन में चला जाता है तो उसे दोगुना टैक्स भरना पड़ेगा। वहीं, नियमों का व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार न होने के कारण दिन भर हजारों की संख्या में वाहन गलत लेन में जाते रहे, इसके चलते उन्हें दोगुना टैक्स भरना पड़ा। इसको लेकर वाहन मालिकों, चालकों व टोलकर्मियों के बीच कहासुनी होती रही।
इस कहासुनी के चलते जाम और बढ़ता गया। वहीं, टोल प्लाजा के पास रविवार को लगने वाली पशु बाजार के चलते वाहनों की संख्या ज्यादा रही, ये वाहन चालक भी दिन भर टोलकर्मियों से उलझते रहे। कई बार मौके पर मौजूद पुलिस बल को बीच में हस्ताक्षेप करना पड़ा, बाद में नियमों का हवाला देने के बाद वाहन चालक सिस्टम को कोसते हुए वहां से चले गए।
टोल प्लाजा के वरिष्ठ प्रबंधक विनय वर्मा ने बताया फास्टैग प्रणाली का पहला दिन होने के कारण शुरूआत में थोड़ी अव्यवस्था रही, जो दोपहर बाद ठीक हो गई। कैश पेमेंट वाली लेन पर पहले से ही जाम की संभावना जताई गई थी। वहीं, बहुत से वाहन गलत लेन में आ गए जिसके कारण परेशानी हुई और उन्हें अपने निर्धारित टैक्स से दुगना टैक्स देना पड़ा।
स्थानीय एक पशु बाजार होने के नाते भी लेन पर वाहनों की संख्या कुछ ज्यादा रही, जिसके कारण सुबह लखनऊ से अयोध्या की ओर हाईवे पर कुछ जाम लगा लेकिन दोपहर बाद स्थिति सामान्य हो गई। बताया कि बहुत से वाहनों द्वारा अभी तक फास्टैग न बनवाए जाने के कारण जाम की समस्या आ रही है, यह समस्या भी धीरे-धीरे समाप्त हो जाएगी। कहा कि वाहन चालकों को अभी बूथ पर आने में रफ्तार कम करके आना चाहिए, अधिक रफ्तार में आने के बाद सिस्टम का कैमरा पकड़ पाने में समय लेता है।
वहीं, अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर भरतकुंड के निकट पिपरी टोल प्लाजा पर फास्टैग सिस्टम रविवार से लागू नहीं हो सका। अस्थाई टोल प्लाजा के चलते यहां पर यह सिस्टम नहीं शुरू हो सका है। पिपरी टोल प्लाजा के प्रबंधक इंद्रेश पांडेय ने बताया कि पिपरी गांव के सामने अभी टोल प्लाजा का अस्थाई संचालन किया जा रहा है। जीवपुर गांव के सामने निर्माणाधीन टोल प्लाजा बनने के बाद ही यह सिस्टम लागू होगा। बताया कि फिलहाल वाहन स्वामियों को नकद टोल टैक्स ही अदा करना होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें