पड़ोसी के घर मांगलिक कार्यक्रम में भोजन बनने वाले कारीगरों को छोड़ कर लौट रहे बाइक सवार युवक को एक वाहन ने रौंद डाला। घायल युवक तकरीबन दो घंटे तक सड़क पर पड़ा तड़पता रहा लेकिन गुजर रहे राहगीरों ने उसे अस्पताल तक पहुंचाने की जहमत नहीं उठाई। देर रात जब डायल-100 पुलिस टीम ने घायल युवक को देखा तो उसे सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
खंडासा थाना क्षेत्र के पूरे रजऊ मिश्र निवासी राजकुमार (25) पुत्र जग प्रसाद कोरी के पड़ोसी के घर सोमवार को मांगलिक कार्यक्रम था। देर शाम कार्यक्रम समाप्त होने के बाद राजकुमार बिना हेलमेट के अपनी बाइक लेकर भोजन बनाने में सहयोग करने वाले कारीगरों को छोड़ने रामनगर अमावासूफी निकल गया।
रात तकरीबन नौ बजे जब वह लौट रहा था तो कुमारगंज-अमानीगंज मार्ग कोदलहिया गांव के पास किसी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। मौके से वाहन चालक भाग निकला लेकिन घायल युवक वहीं पड़ा तड़पता रहा।
तकरीबन दो घंटे बीत गए लेकिन किसी राहगीर ने उसे अस्पताल पहुंचाने और न ही उसके परिवार को सूचना देना मुनासिब समझा। इसी बीच उधर से गुजरी डायल-100 पुलिस टीम ने घायल युवक को पड़ेे देखा तो अपने वाहन से उसे सीएचसी खंडासा पहुंचाया।
जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिनाख्त के बाद जब मृत युवक के परिवारीजनों को सूचना दी तो कोहराम मच गया। मृत युवक अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। खंडासा थानाध्यक्ष मिथलेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। टक्कर मारने वाले वाहन के बारे में पता किया जा रहा है।